
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। आर्य एकेडमी इंटरनेशनल स्कूल में भारतीय शास्त्रीय संगीत की समृद्ध परंपरा से विद्यार्थियों को परिचित कराने के उद्देश्य से ‘स्पीक मैके’ के तत्वाधान में एक विशेष सितार वादन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभिन्न राष्ट्रीय सम्मानों से विभूषित सुप्रसिद्ध सितार वादक ध्रुव बेदी ने अपने मनमोहक सितार वादन से पूरे परिसर को संगीतमय कर दिया। उनका साथ सह-कलाकार एवं विख्यात तबला वादक शंकर ज्योति शैक्या ने तबले पर प्रभावशाली संगत देकर निभाया।
कार्यक्रम का संगीतमय शुभारंभ राग अल्हैया बिलावल की मनोहारी प्रस्तुति के साथ हुआ। सितार के सुरों और तबले की थाप की सुंदर जुगलबंदी ने पूरे सभागार को शास्त्रीय संगीत की असीम मधुरता से सराबोर कर दिया। उपस्थित विद्यार्थियों और अतिथियों ने भारतीय संगीत की सूक्ष्म बारीकियों और उसकी भावपूर्ण अभिव्यक्ति का भरपूर आनंद उठाया।
प्रस्तुतियों के सिलसिले को आगे बढ़ाते हुए कलाकारों ने राग खमाज, प्रसिद्ध भजन ‘रघुपति राघव राजा राम’ तथा ‘एकला चलो रे’ की धुनों को सितार पर अत्यंत भावपूर्ण ढंग से उकेरा। इन कालजयी रचनाओं ने श्रोताओं में सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रभक्ति की भावना को और गहरा कर दिया। दोनों गुणी कलाकारों की जुगलबंदी पर पूरा सभागार देर तक तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा।
समारोह का समापन राग तिलक छाप की मनमोहक और सुरम्य प्रस्तुति के साथ हुआ। ध्रुव बेदी और शंकर ज्योति शैक्या के इस उत्कृष्ट प्रदर्शन ने सभी को भारतीय शास्त्रीय संगीत की गहराई और सुंदरता का अविस्मरणीय अनुभव कराया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्रधानाचार्या एवं प्रबंधक महोदय ने दोनों आमंत्रित कलाकारों का हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों को भारत की महान कला और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने तथा उनमें संगीत के प्रति रुचि विकसित करने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। अंत में कलाकारों को सम्मानित कर और आभार प्रकट करते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया।
Post Views: 163













Total views : 400893