
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। जिले में मंगलवार को बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) संदीप कुमार सुबह खुद स्कूलों की स्थिति देखने मैदान में उतरे। सदर ब्लॉक के चार परिषदीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण करने पहुंचे बीएसए को अधिकांश स्कूलों में छात्रों की उपस्थिति 30 प्रतिशत से भी कम मिली। वहीं, दो विद्यालयों में तीन शिक्षक बिना सूचना के अनुपस्थित पाए गए। इस पर बीएसए ने तीनों की अनुपस्थिति दर्ज कराते हुए एक दिन का वेतन काटने के आदेश जारी कर दिए।
संधावली स्कूल में दो शिक्षक मिले अनुपस्थित
बीएसए ने सबसे पहले कंपोजिट विद्यालय संधावली का निरीक्षण किया। यहां छात्र-छात्राओं की उपस्थिति बेहद कम रही। निरीक्षण के दौरान एक महिला शिक्षिका और एक पुरुष शिक्षक अनुपस्थित मिले। दोनों की अनुपस्थिति दर्ज करते हुए उनके एक दिन का वेतन काटने के आदेश दिए गए और इसकी सूचना मुख्यालय को भेजी गई।
भिक्की निराना विद्यालय में भी एक शिक्षक नहीं मिला
इसके बाद बीएसए कंपोजिट विद्यालय निराना पहुंचे। यहां भी एक शिक्षक बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित मिला। बीएसए ने संबंधित शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसका भी एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए।
खेड़ी वीरान और पीएम श्री स्कूल सिखेड़ा में शिक्षक मिले मौजूद, बच्चे बहुत कम
निरीक्षण के दौरान बीएसए ने खेड़ी वीरान और पीएम श्री विद्यालय सिखेड़ा का भी दौरा किया। इन दोनों विद्यालयों में सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित मिले, लेकिन लगातार हो रही बारिश के कारण छात्रों की संख्या काफी कम रही।
बीएसए बोले- निरीक्षण अभियान आगे भी रहेगा जारी
बीएसए संदीप कुमार ने बताया कि बारिश के कारण अधिकांश विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति प्रभावित हुई है। हालांकि, शिक्षकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करना विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि बिना अनुमति अनुपस्थित मिलने वाले शिक्षकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। स्कूलों का औचक निरीक्षण आगे भी लगातार जारी रहेगा। मंगलवार के निरीक्षण में तीन शिक्षक अनुपस्थित मिले, जिनका एक दिन का वेतन काटा गया है। सूचना पोर्टल पर दर्ज कर दी गई है।
Post Views: 917













Total views : 387119