
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। चित्रकूट में आयोजित “प्रदेश स्तरीय जूनियर बालक बॉक्सिंग प्रतियोगिता” में मुजफ्फरनगर के होनहार मुक्केबाजों ने अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए रजत पदक (सिल्वर मेडल) हासिल कर जनपद का नाम रोशन किया है। मेडल जीतकर लौटे इन विजेता खिलाड़ियों का शुक्रवार, 17 जुलाई 2026 को जिलाधिकारी कार्यालय में भव्य स्वागत और सम्मान किया गया।
चित्रकूट में बीते 10 से 13 जुलाई 2026 तक आयोजित इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जनपद के मुक्केबाजों ने प्रभारी क्रीड़ाधिकारी (पूर्व इंटरनेशनल कोच – अंडर 19 इंडियन बॉक्सिंग टीम) के कुशल मार्गदर्शन में शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के 63-66 किलोग्राम भार वर्ग में अंगद ने रजत पदक हासिल किया, जबकि 50-52 किलोग्राम भार वर्ग में यश ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल पर कब्जा जमाया।
शानदार सफलता के बाद कलेक्ट्रेट पहुंचे दोनों मुक्केबाजों को जिलाधिकारी (DM) उमेश मिश्रा ने अपने कार्यालय कक्ष में स्पोर्ट्स किट प्रदान की और पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया। जिलाधिकारी ने खिलाड़ियों को अपने हाथों से मिठाई खिलाई और आगामी राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस गौरवशाली क्षण के दौरान मुक्केबाज अंगद के पिता धर्मेंद्र कुमार और गुरुकुल के आचार्य सुरेंद्र कुमार भी उपस्थित रहे।
खिलाड़ियों के इस बेहतरीन प्रदर्शन पर प्रभारी क्रीड़ाधिकारी श्री भूपेंद्र सिंह, बाल कल्याण समिति मुजफ्फरनगर के सदस्य श्री राजीव कुमार और जिला खेल कार्यालय के सभी प्रशिक्षकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए पदक विजेताओं को बधाई दी।
Post Views: 48












Total views : 374993