
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। जनपद में अवैध निर्माण और बिना नक्शा स्वीकृत कराए व्यावसायिक भवन बनाने वालों के खिलाफ मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण ने अपना डंडा चला दिया है। एमडीए उपाध्यक्ष प्रणता ऐश्वर्या के सख्त आदेशों के अनुपालन में शनिवार को प्राधिकरण की टीम ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। एमडीए की प्रवर्तन टीम ने शहर के जोन-1 और जोन-5 के अंतर्गत आने वाले इलाकों में भारी पुलिस बल की मौजूदगी में दो बड़े अवैध व्यावसायिक निर्माणों को सील कर दिया। प्राधिकरण की इस औचक कार्रवाई से अवैध निर्माणकर्ताओं में हड़कंप मच गया है।
एमडीए सचिव कुंवर बहादुर सिंह ने बताया कि सीलिंग अभियान के तहत पहली कार्रवाई जोन-5 के अंबा विहार में की गई। यहां हारून अली पुत्र मो. गुलाब द्वारा कराए जा रहे निर्माण को मानकों के विपरीत पाया गया। एमडीए की टीम ने जांच में पाया कि यह भवन प्राधिकरण से स्वीकृत नक्शे के नियमों का उल्लंघन कर बनाया जा रहा था, जिसके चलते इसे तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया। इसी क्रम में दूसरी बड़ी कार्रवाई जोन-1 के अंतर्गत जानसठ रोड पर की गई। वहां जानसठ रोड पुल के पास सादिक चिकन के निकट मोहम्मद इलियास द्वारा बिना किसी वैध स्वीकृति के बेसमेंट और प्रथम तल पर धड़ल्ले से व्यावसायिक निर्माण कार्य कराया जा रहा था। बिना अनुमति और बिना नक्शा पास कराए किए जा रहे इस अवैध निर्माण को एमडीए की टीम ने मौके पर ही रुकवा कर परिसर को सील कर दिया। सचिव ने बताया कि प्राधिकरण क्षेत्र के अंतर्गत कुल 02 बड़े अवैध और नियमों के विरुद्ध बने व्यावसायिक परिसरों को सील किया गया है। सीलिंग की इस बड़ी कार्रवाई के दौरान मौके पर प्राधिकरण कार्यालय के सहायक अभियंता, अवर अभियंता और एमडीए की पूरी प्रवर्तन टीम मौजूद रही। इसके साथ ही कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय पुलिस बल भी मौके पर मुस्तैद रहा। प्राधिकरण ने चेतावनी दी है कि बिना नक्शा पास कराए किए जाने वाले किसी भी निर्माण को बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी ऐसी ध्वस्तीकरण व सीलिंग की कार्रवाई जारी रहेगी।
Post Views: 139













Total views : 353772