
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा के अंतिम दिन बुधवार को तकनीकी चूक के कारण चार होनहार अभ्यर्थियों का भविष्य दांव पर लग गया। गूगल मैप की गलत लोकेशन के जाल में उलझकर गाजियाबाद से आए चार परीक्षार्थी परीक्षा केंद्र मुजफ्फरनगर की बजाय पड़ोसी जनपद शामली के एक गांव में पहुंच गए। जब तक उन्हें अपनी गलती और सही लोकेशन का अहसास हुआ, तब तक परीक्षा का समय निकल चुका था। परीक्षा से वंचित इन पीड़ित अभ्यर्थियों ने जिला प्रशासन और पुलिस के आला अधिकारियों से मदद की गुहार लगाई है।
गाजियाबाद के रहने वाले चार अभ्यर्थी धर्मेंद्र चौधरी, अरुण मलिक, विशाल और नकुल बुधवार को बाइक द्वारा मुजफ्फरनगर के ‘दीपचंद ग्रीन इंटर कॉलेज’ परीक्षा केंद्र के लिए रवाना हुए थे। उन्होंने रास्ते के लिए गूगल मैप का सहारा लिया, लेकिन तकनीकी खराबी या गलत फीडिंग के चलते गूगल मैप उन्हें मुजफ्फरनगर के ग्रैन चैम्बर इंटर कॉलेज के बजाय शामली के एक गांव में ले गया। काफी भटकने के बाद जब उन्हें सही रास्ते की जानकारी हुई, तब तक परीक्षा केंद्र में प्रवेश का समय समाप्त हो चुका था। इसके बावजूद वे भागते-भागते शामली से मुजफ्फरनगर केंद्र पहुंचे, लेकिन नियमों के चलते उन्हें भीतर प्रवेश नहीं मिल सका।
खबर को वीडियो में देखेंं।
डीएम व एसपी सिटी से मिले पीड़ित: परीक्षा छूटने से हताश और परेशान चारों अभ्यर्थी तुरंत जिलाधिकारी उमेश कुमार मिश्रा के पास पहुंचे और अपनी आपबीती सुनाई। डीएम के निर्देश पर उन्हें एसपी सिटी अमृत जैन के पास भेजा गया। अभ्यर्थियों की पीड़ा को देखते हुए एसपी सिटी ने स्थानीय स्तर पर किसी भी प्रकार का समाधान करने में असमर्थता जताई, क्योंकि परीक्षा के कड़े नियम बोर्ड द्वारा तय किए गए हैं। हालांकि, मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए एसपी सिटी अमृत जैन ने अभ्यर्थियों से एक प्रार्थना-पत्र लिया और आश्वासन दिया कि वे इस पूरे प्रकरण से उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड तथा गूगल प्रबंधन को पत्र लिखकर अवगत कराएंगे।
प्रवेश पत्र पर क्यूआर कोड अंकित करने का सुझाव देंगे: पुलिस प्रशासन ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए कहा है कि भविष्य में ऐसी तकनीकी दिक्कतों से बचने के लिए पुख्ता इंतजाम किए जाने की जरूरत है। एसपी सिटी अमृत जैन ने बताया कि अभ्यर्थियों की मांग और इस व्यावहारिक समस्या को देखते हुए भर्ती बोर्ड से यह विशेष अनुरोध किया जाएगा कि आगामी परीक्षाओं के प्रवेश पत्र (Admit Card) पर परीक्षा केंद्र की सटीक लोकेशन का क्यूआर कोड (QR Code) अंकित किया जाए। इससे अभ्यर्थी सीधे सही परीक्षा केंद्र तक पहुंच सकेंगे और उन्हें गूगल पर भटकना नहीं पड़ेगा। फिलहाल, अधिकारियों के इस आश्वासन के बाद पीड़ित अभ्यर्थियों को बोर्ड के रुख का इंतजार है।
Post Views: 83













Total views : 336594