
लोकपथ लाइव, नई दिल्ली/ मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा-2026 के मद्देनजर परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए उत्तर रेलवे ने परीक्षा विशेष ट्रेनों के संचालन का एक बड़ा और महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। रेलवे प्रशासन द्वारा 8 जून से 10 जून तक तीन दिनों के लिए कई ट्रेनें अप और डाउन दिशा में पटरी पर उतारी गई हैं। यह मेमू (MEMU) ट्रेनें मुजफ्फरनगर, मेरठ और सहारनपुर रूट के अभ्यर्थियों के लिए आवागमन में बेहद मददगार साबित होंगी।
मुजफ्फरनगर रेलवे स्टेशन अधीक्षक पवन चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस विशेष व्यवस्था के तहत पहली ट्रेन तिलक ब्रिज (दिल्ली) से सहारनपुर और तिलक ब्रिज स्पेशल शामिल की गई है। यह 20 कोच वाली मेमू ट्रेन 8 से 10 जून तक रोजाना 3 फेरे लगाएगी। निर्धारित समय सारणी के अनुसार, गाड़ी संख्या 04401 तिलक ब्रिज से सुबह 09:45 बजे चलकर गाजियाबाद 10:10 बजे, मेरठ सिटी 11:20 बजे और मुजफ्फरनगर में दोपहर 12:21 बजे होते हुए दोपहर 13:40 बजे सहारनपुर पहुंचेगी। वहीं वापसी दिशा में ट्रेन संख्या 04402 सहारनपुर से दोपहर 14:00 बजे चलकर मुजफ्फरनगर दोपहर 14:59 बजे, मेरठ सिटी में 16:03 बजे और गाजियाबाद 17:12 बजे होते हुए शाम 18:00 बजे तिलक ब्रिज वापस पहुंचेगी।
मेरठ से सहारनपुर तक चलेगी यह ट्रेन
इसी कड़ी में दूसरी ट्रेन मेरठ सिटी से सहारनपुर के बीच संचालित की जाएगी। मेरठ सिटी स्पेशल ट्रेन संख्या 04403/04404 होगी, जो 12 कोच वाली मेमू रैक के साथ 8 से 10 जून तक अपनी सेवाएं देगी। समय सारणी के मुताबिक गाड़ी संख्या 04403 मेरठ सिटी से सुबह 10:25 बजे रवाना होकर मुजफ्फरनगर सुबह 11:27 बजे और देवबंद 11:51 बजे होते हुए दोपहर 12:35 बजे सहारनपुर पहुंचेगी। वहीं, वापसी में ट्रेन संख्या 04404 सहारनपुर से दोपहर 12:50 बजे चलकर देवबंद 13:26 बजे और मुजफ्फरनगर दोपहर 13:50 बजे होते हुए दोपहर 15:00 बजे मेरठ सिटी वापस लौटेगी। राहत की बात यह है कि ये दोनों ट्रेनें पूरी तरह से अनआरक्षित (Unreserved) हैं, जिससे परीक्षा देने वाले छात्र बिना किसी लंबी एडवांस बुकिंग के तुरंत काउंटर से टिकट लेकर सफर कर सकेंगे। रेलवे मुख्यालय ने सभी संबंधित स्टेशनों पर उद्घोषणा (PA System) और नोटिस बोर्ड के जरिए इस जानकारी को लगातार प्रसारित करने के कड़े निर्देश दिए हैं ताकि परीक्षार्थियों व अन्य यात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
Post Views: 55












Total views : 333558