
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन सवेरा’ अभियान के तहत बुढ़ाना कोतवाली पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने प्रतिबंधित ‘वेनेरेक्स’ कफ सीरप की अवैध खरीद-फरोख्त और अंतर्राज्यीय तस्करी करने वाले गिरोह के तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से भारी मात्रा में नशीली कफ सीरप, नकदी और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार बरामद की है। गिरोह का एक सदस्य मौके से फरार होने में कामयाब रहा, जिसकी तलाश जारी है।
एसएसपी ने प्रेसवार्ता में किया खुलासा
पुलिस लाइन में आयोजित एक प्रेसवार्ता के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) संजय कुमार वर्मा ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि बुढ़ाना पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी। सूचना के मुताबिक, प्रतिबंधित कफ सीरप की डील करने वाले कुछ तस्कर बुढ़ाना-कांधला मार्ग से विज्ञाना जाने वाले रास्ते पर स्थित एक खंडहर के पास मौजूद हैं।
सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए बुढ़ाना पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की और घेराबंदी करके तीन आरोपियों को धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अमजद (निवासी: किला परीक्षितगढ़ मेरठ, हाल पता: मदीना बस्ती विकासनगर, उत्तराखंड), गुलवेज (निवासी: नई बस्ती, थाना खतौली) और जोएब (निवासी: इकराम नगर, थाना लोनी, गाजियाबाद) के रूप में हुई है। वहीं, उनका एक साथी शुभम (निवासी: गाजियाबाद) मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया।
लाखों का माल और कैश बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से 24 पेटी कार्टन बरामद किए हैं, जिनमें प्रतिबंधित वेनेरेक्स कफ सीरप की कुल 2845 शीशियां भरी हुई थीं। बरामद की गई कफ सीरप की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 10 लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा, पुलिस ने तस्करों के पास से 3 लाख रुपये की नगदी और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक ऑल्टो कार भी जब्त की है।
गाजियाबाद से उत्तराखंड का नेटवर्क
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे लंबे समय से इस अवैध कारोबार में लिप्त हैं। उन्होंने बताया कि वे यह प्रतिबंधित कफ सिरप फरार आरोपी शुभम से कम दामों में खरीदते थे। इसके बाद इस खेप को कार के जरिए उत्तराखंड ले जाकर ऊंचे दामों में सप्लाई करते थे। सीरप को बेचने के बाद जो भी मुनाफा होता था, उसे ये आपस में बांट लेते थे। पुलिस ने गिरफ्तार तीनों आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है, जबकि फरार आरोपी शुभम की गिरफ्तारी के लिए टीमें रवाना कर दी गई हैं।
Post Views: 70













Total views : 332697