
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। चौधरी चरण सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम के तरणताल में चल रही नियमों की अनदेखी को लेकर सख्ती हुई है। कमलनगर निवासी महिला की शिकायत पर प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी ने संज्ञान लेते हुए अस्थाई पुरुष कोच आशु चौधरी को तरणताल की जिम्मेदारी से मुक्त कर बाहर का रास्ता दिखाया है। वहीं तरणताल की नोडल अधिकारी व उपक्रीड़ा अधिकारी पूनम विश्नोई पर भी लगे आरोपों का संज्ञान लेते हुए उन्हें तरणताल के कार्यभार से मुक्त किया गया है। उपक्रीड़ाधिकारी पर बच्चों के पंजीकरण व नियमों की अनदेखी कराने के आरोप लगे थे।
चौधरी चरण सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में तरणताल का शुभारंभ एक अप्रैल को हुआ था। उस दौरान प्रभारी जिला क्रीड़ाधिकारी भूपेंद्र यादव ने तरणताल की देखरेख व संचालन की जिम्मेदारी उपक्रीड़ा अधिकारी पूनम विश्नोई को दी थी, लेकिन करीब एक महीने से अधिक समय तक संचालन में पंजीकरण की संख्या कम रही। इसके बाद कमलनगर की महिला अर्चना कल्यानी ने डीएम को शिकायत कर आरोप लगाए थे कि उपक्रीड़ा अधिकारी बच्चों को लेकर आने वाले अभिभावकों को बाहर बैठाती है और उनकी देखरेख में कोच आशु चौधरी महिला के समय में ही युवकों को पुल में जाने की इजाजत देकर नियमों का उल्लंघन करते है। वही कोच पर भी अनट्रेंड होने के आरोप लगाए थे। इसके अलावा वहां बैठने सहित साफ-सफाई की व्यवस्था उचित नहीं है। इस मामले का संज्ञान लेते हुए प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी ने मामले की जांच करते हुए पुरुष कोच की गलत नीतियों के चलते उसे बर्खास्त कर बाहर का रास्ता दिखाया। उनके स्थान पर प्रशिक्षित कोच शिव को ज्वाइन कराया है। वहीं नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी संभाल रही पूनम विश्ननोई को भी तरणताल के कार्यभार से मुक्त किया गया। उनके जगह अब स्वयं प्रभारी क्रीड़ा अधिकारी वहां की व्यवस्थाओं को देखेंगे। बताया जा रहा है कि शारदेन स्कूल के बच्चों की पंजीकरण में भी फीस को लेकर उपक्रीड़ा अधिकारी पूनम विश्नोई पर आरोप लगे हैं।
क्या कहते हैं जिम्मेदार अधिकारी
तरणताल की व्यवस्थाओं पर पिछले दिनों एक अभिभावक महिला ने डीएम को शिकायत की थी, जिसके चलते पुरुष कोच आशु चौधरी को पूल से हटाकर बाहर किया है। उनकी जगह नए प्रशिक्षित पुरुष कोच की तैनाती की है। उपक्रीड़ा अधिकारी से भी तरणताल का चार्ज वापस ली गई है। कोच व प्रशिक्षकों के लिए बेहतर व्यवस्थाएं करने के अन्य प्रयास चल रहे हैं।
– भूपेंद्र यादव, प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी
Post Views: 63













Total views : 322517