
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। यूपी 82 एनसीसी बटालियन मुजफ्फरनगर के तत्वावधान में डीएवी इंटर कॉलेज में आयोजित हो रहे वार्षिक एनसीसी प्रशिक्षण शिविर में कैडेट्स को सेना की विधाओं से रूबरू कराया जा रहा है। बटालियन के कमान अधिकारी कर्नल प्रवीण भाल एवं प्रशासनिक अधिकारी कर्नल नवीन पाराशर के कुशल नेतृत्व में चल रहे इस शिविर के दौरान सोमवार को कैडेट्स ने अनेकों सैन्य गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। आज के पूरे सत्र का मुख्य आकर्षण शस्त्र परिचालन (वेपन ट्रेनिंग) एवं फायरिंग का अभ्यास रहा।
सुबह के सत्र में सैन्य प्रशिक्षकों द्वारा सभी एनसीसी कैडेट्स को सेना की बुनियादी .22 (पॉइंट टू-टू) राइफल को चलाने, उसे खोलने व जोड़ने (स्ट्रिपिंग एंड असेंबलिंग) तथा उसकी उचित साफ-सफाई व रख-रखाव के संबंध में बारीक जानकारियां दी गईं। इसके उपरांत कैडेट्स के एक विशेष ग्रुप को फायरिंग अभ्यास के लिए फायरिंग रेंज ले जाया गया। वहां उन्हें फायरिंग के दौरान बरती जाने वाली अनिवार्य सावधानियों के बारे में सजग किया गया और अचूक निशाना लगाने के गुर सिखाए गए। इस दौरान कैडेट्स को भारतीय सेना में वर्तमान समय में उपयोग की जा रही विभिन्न आधुनिक शस्त्र प्रणालियों की तकनीकी क्षमताओं से भी अवगत कराया गया।
आपदा प्रबंधन का भी मिला पाठ: दोपहर मध्यावकाश (इंटरवल) के बाद के सत्र में कैडेट्स को एक जिम्मेदार नागरिक और सैनिक की भूमिका निभाते हुए आपदा प्रबंधन (डिजास्टर मैनेजमेंट) से संबंधित महत्वपूर्ण व्याख्यान व प्रशिक्षण दिया गया। इसमें कैडेट्स को विभिन्न प्राकृतिक और मानव निर्मित आपदाओं के बारे में विस्तार से समझाया गया तथा आपातकाल की स्थिति में त्वरित बचाव कार्य व प्राथमिक उपचार करने के व्यावहारिक उपाय बताए गए।


आज के इस पूरे सघन प्रशिक्षण कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में सहयोगी एनसीसी अधिकारियों (एएनओ) और बटालियन के पीआई (परमानेंट इंस्ट्रक्टर) स्टाफ का पूर्ण और सराहनीय सहयोग रहा।
Post Views: 161












Total views : 384574