
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सोमवार को स्थानीय कलेक्ट्रेट परिसर में जबरदस्त विरोध-प्रदर्शन करते हुए गौ माता को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की पुरजोर मांग उठाई। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश सचिव एवं पूर्व महानगर अध्यक्ष अब्दुल्ला आरिफ के नेतृत्व में जुटे सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को संबोधित एक ज्ञापन प्रेषित किया।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, दोपहर के समय कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मीनाक्षी चौक पर एकत्रित हुए। वहां से वे अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी करते हुए जुलूस की शक्ल में कलेक्ट्रेट पहुंचे। ‘गौ माता को राष्ट्रीय पशु घोषित करो’ के गगनभेदी नारों के साथ कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में भी काफी देर तक प्रदर्शन किया। इसके बाद मौके पर पहुंचे सिटी मजिस्ट्रेट ने प्रदर्शनकारी कांग्रेस नेताओं से वार्ता की और उनका ज्ञापन स्वीकार किया।
इस दौरान अब्दुल्ला आरिफ ने ज्ञापन सौंपने के बाद पत्रकारों से वार्ता में केंद्र और उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की कथनी और करनी में जमीन-आसमान का अंतर है। एक तरफ तो ये लोग गाय के नाम पर वोट मांगकर सत्ता में आते हैं, लेकिन दूसरी तरफ धरातल पर गायों की दुर्दशा हो रही है। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि सरकार ने गौ माता को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग जल्द पूरी नहीं की, तो कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी। पार्टी कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर सरकार की पोल खोलेंगे और पूरे प्रदेश में एक बड़ा जन-आंदोलन छेड़ा जाएगा।
इस प्रदर्शन में युवा कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष मोबीन राजपूत, जिलाध्यक्ष आकाश त्यागी, नगर अध्यक्ष फैसल कुरेशी, डॉ. अरशद राजपूत, अमिर सैफी, हातिम जफर महमूद, नरेश भारती, मुकुल शर्मा, हरदीप सिंह और अनस मलिक सहित भारी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Post Views: 32













Total views : 319615