
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर: होली चाइल्ड पब्लिक इण्टर कॉलेज के सभागार में शनिवार को ‘मातृ दिवस’ (मदर्स डे) के उपलक्ष्य में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि रीना अग्रवाल, प्रेरणा मित्तल, जीनत चौधरी, रीटा दहिया और प्रधानाचार्य प्रवेन्द्र दहिया ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलित कर किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने बच्चों के जीवन में माँ की भूमिका और संस्कारों के महत्व पर प्रकाश डाला।
मुख्य अतिथि रीना अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षक केवल किताबी ज्ञान दे सकते हैं, लेकिन बच्चों में संस्कारों और अच्छी आदतों का विकास करना माता-पिता का मुख्य उत्तरदायित्व है। उन्होंने माताओं से बच्चों को मोबाइल से दूर रखने और स्वयं को स्वस्थ व स्वच्छ रखने का आह्वान किया ताकि यही गुण बच्चों में भी आ सकें। विशिष्ट अतिथि प्रेरणा मित्तल ने माँ को ‘अष्टभुजा’ शक्ति का रूप बताते हुए कहा कि माँ एक संपूर्ण संसार है जो बच्चों की खुशी के लिए अपना सब कुछ न्यौछावर कर देती है। जीनत चौधरी ने माँ को ईश्वर का दूसरा रूप बताते हुए बच्चों को सन्मार्ग पर चलाने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सबका मन मोह लिया। रजनी शर्मा और चीनू शर्मा के कुशल संचालन में अभिभावकों के लिए बिन्दी-पेस्टिंग, बोतल-रिंग और विपरीत कलर जैसी मनोरंजक गतिविधियां आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं में जीनत, बबीता, अनीता और पिंकी सहित अनेक माताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अंत में, अतिथियों ने मातृशक्ति को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया और लक्की ड्रा के विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त स्टाफ का विशेष सहयोग रहा।
Post Views: 119













Total views : 308851