
दमकल विभाग ने एक घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर: शहर के व्यस्ततम रुड़की रोड स्थित पुलिस चौकी परिसर में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब वहां खड़े सीज और मुकदमों से संबंधित वाहनों में अचानक भीषण आग लग गई। लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही मिनटों में आसमान काले धुएं से भर गया, जिससे आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में दहशत फैल गई।


आसमान छूती लपटें और अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग की शुरुआत एक वाहन से हुई, लेकिन गर्मी और हवा के चलते इसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। चौकी परिसर में खड़े अन्य वाहन भी इसकी चपेट में आ गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।

दमकल की कार्रवाई और नुकसान का आकलन
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद अग्निशमन कर्मियों ने आग पर पूरी तरह काबू पाया। घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्य अग्निशमन अधिकारी अनुराग कुमार ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का मुआयना किया। सीएफओ ने बताया कि प्राथमिक जांच के अनुसार, आग में करीब 3 से 4 वाहन बुरी तरह प्रभावित हुए हैं।
जांच के घेरे में ‘बीड़ी-सिगरेट’ की चिंगारी
आग लगने के कारणों को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है, लेकिन शुरुआती कयासों ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। अधिकारियों को आशंका है कि किसी राहगीर द्वारा चौकी परिसर के पास फेंकी गई जलती बीड़ी या सिगरेट से सूखी घास या वाहनों के टायरों में आग भड़की हो सकती है। हालांकि, पुलिस अन्य तकनीकी पहलुओं और शॉर्ट सर्किट की संभावना से भी इनकार नहीं कर रही है।
सीसीटीवी फुटेज से खुलेगा राज
कोतवाली पुलिस अब इस मामले की गहनता से पड़ताल कर रही है। चौकी और आसपास के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज मंगवाई गई है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि यह महज एक दुर्घटना थी या इसके पीछे किसी की शरारत। फिलहाल, स्थिति नियंत्रण में है और नुकसान का विस्तृत विवरण तैयार किया जा रहा है।











Total views : 296526