
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश होमगार्ड भर्ती के लिए आयोजित लिखित परीक्षा जनपद में रविवार को दूसरे दिन भी पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। 27 अप्रैल तक चलने वाली इस परीक्षा के लिए जनपद में प्रशासन और पुलिस द्वारा व्यापक स्तर पर सुरक्षा प्रबंध किए। शहर में बने 17 परीक्षा केंद्रों पर दूसरे दिन 3030 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ी। दो पालियों में हुई परीक्षा के बाद शहर में जाम की स्थिति बनी रही, जिस समस्या से निपटने के लिए पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।


एसएसपी संजय कुमार वर्मा के नेतृत्व में मुजफ्फरनगर में 25 अप्रैल को तीन दिन के लिए 17 परीक्षा केंद्रों पर होमगार्ड भर्ती परीक्षा हुई। रविवार को दूसरे दिन भी दो पालियों में परीक्षा हुई। प्रथम पाली में कुल 7920 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 6379 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि 1541 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग नहीं लिया। वहीं, द्वितीय पाली में भी 7920 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 6431 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए और 1489 अभ्यर्थी अनुपस्थित पाए गए। इस प्रकार, दूसरे दिन की दोनों पालियों को मिलाकर कुल 15840 अभ्यर्थियों में से 12810 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि 3030 अभ्यर्थी परीक्षा से अनुपस्थित रहे। पुलिस प्रशासन की कड़ी निगरानी और सतर्कता के चलते जनपद के सभी 17 केंद्रों पर परीक्षा व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में रही और किसी भी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। परीक्षा का यह क्रम 27 अप्रैल को भी जारी रहेगा।













Total views : 294786