
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। जनपद में जनगणना कार्य में लगे परिषदीय शिक्षकों, विशेषकर महिला शिक्षिकाओं की व्यावहारिक समस्याओं को देखते हुए प्राथमिक शिक्षक संघ (महिला प्रकोष्ठ) मुखर हो गया है। संघ की जिला अध्यक्ष वंदना बालियान के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने एडीएम वित्त एवं राजस्व गजेंद्र कुमार से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा और ड्यूटी के दौरान शिक्षिकाओं को मानवीय आधार पर राहत प्रदान करने की मांग की।


संघ ने ज्ञापन में स्पष्ट किया है कि जनगणना का कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण है, लेकिन इस दौरान महिला शिक्षिकाओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी आवश्यक है। संघ द्वारा निम्नलिखित प्रमुख मांगें रखी गई हैं। दिव्यांग एवं अस्वस्थ शिक्षक-शिक्षिकाओं को जनगणना ड्यूटी से मुक्त रखा जाए। जिन शिक्षिकाओं की सेवावधि (सेवानिवृत्ति) निकट है, उन्हें इस कार्य से छूट प्रदान की जाए। चिकित्सकीय परामर्श को ध्यान में रखते हुए गर्भवती महिला शिक्षिकाओं को ड्यूटी से कार्यमुक्त रखा जाए। सभी शिक्षकों की ड्यूटी उनके नजदीकी क्षेत्र या कार्यस्थल के पास ही लगाई जाए, ताकि उन्हें अनावश्यक लंबी दूरी तय न करनी पड़े और वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन सुगमता से कर सकें।













Total views : 291327