
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। राज्यकर विभाग की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन ब्रांच (SIB) ने मेरठ रोड स्थित ‘अमन रोलिंग मिल्स प्रा०लि०’ पर छापेमारी की। आरएलडी के पूर्व विधायक नूर सलीम राणा की इस मिल पर दो दिवसीय गहन जांच में करीब 2 करोड़ रुपये की जीएसटी चोरी निकली है। हालांकि पूर्व विधायक नूर सलीम राणा का कहना है कि उन्हें कुछ नहीं बताया गया कि कितनी जीएसटी चोरी निकली है। ना ही उन्होंने कोई धनराशि अभी तक विभाग को जमा की है।


24 घंटे से अधिक चली छापेमारी: राज्यकर विभाग की टीम ने मेरठ रोड स्थित अमन रोलिंग मिल्स पर 21 अप्रैल की सुबह आठ बजे कार्रवाई शुरू की, जो 22 अप्रैल को सुबह सात बजे तक तक चली। विभाग की इस कार्रवाई से जिले के औद्योगिक गलियारों में हड़कंप मचा रहा।

संयुक्त आयुक्त (वि०अनु०शा०) सिद्धेश चन्द्र दीक्षित के निर्देशन और उपायुक्त मनोज कुमार शुक्ला के नेतृत्व में हुई इस जांच में फर्म की पोल खुल गई। भौतिक सत्यापन के दौरान अभिलेखों (Records) और स्टॉक में भारी विसंगतियां पाई गईं। जांच में 167 लाख रुपये का तैयार माल कम मिला, जबकि 28.72 लाख रुपये का कच्चा माल अधिक पाया गया। इन आंकड़ों के आधार पर विभाग ने प्रथम दृष्टया लगभग 2 करोड़ रुपये की कर चोरी की पुष्टि की है।
राजनीतिक गलियारों में चर्चा: सूजिस अमन रोलिंग मिल्स पर यह कार्रवाई हुई है, उसके मालिक आरएलडी नेता है और चरथावल के पूर्व विधायक हैं। एक बड़े राजनीतिक रसूख वाले व्यक्ति की फैक्ट्री में हुई इस छापेमारी और कर चोरी के खुलासे ने मुजफ्फरनगर की राजनीति में भी सुगबुगाहट बढ़ा दी है। फिलहाल, विभाग मामले की अग्रिम जांच कर रहा है, जिससे आने वाले समय में जुर्माना और अन्य कानूनी कार्रवाई की संभावना बढ़ गई है।
जांच टीम में शामिल अधिकारी: कार्यवाही को अंजाम देने वाली टीम में उप आयुक्त कृष्ण कुमार, सहायक आयुक्त योगेन्द्र प्रसाद सिंह, संतोष सिंह, अजय पाण्डेय, सुदीप कुमार श्रीवास, मो० दानिश व अन्य विभागीय अधिकारियों की पूरी टीम मौजूद रही।











Total views : 291326