
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। शहर के जैन कन्या इंटर कालेज पटेल नगर में सोमवार को आयुर्वेदिक व यूनानी विभाग के तत्वावधान में पोषण पखवाड़ा कार्यक्रम हुआ। इसमें स्वास्थ्य सेवाओं को जमीनी स्तर तक पहुँचाने के उद्देश्य से राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय द्वारा एक वृहद स्वास्थ्य शिविर लगाया। शिविर में छात्राओं को स्वस्थ जीवनशैली और पोषण के महत्व से अवगत कराया गया।


क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. इसमपाल के निर्देशन में आयोजित इस शिविर का नेतृत्व राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय पटेल नगर की प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. रिम्पल चौधरी ने किया। शिविर के दौरान डॉ. रिम्पल चौधरी ने उपस्थित बालिकाओं को बताया कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का वास होता है। आज के दौर में जंक फूड से दूर रहकर संतुलित आहार और नियमित दिनचर्या अपनाना ही दीर्घायु और निरोगी जीवन का आधार है।
शिविर में केवल स्वास्थ्य परीक्षण ही नहीं, बल्कि छात्राओं को योग के प्रति भी जागरूक किया गया। योग प्रशिक्षक पूनम वर्मा ने छात्राओं को विभिन्न योगासनों और प्राणायाम का अभ्यास कराया। उन्होंने छात्राओं को बताया कि किस प्रकार नियमित योग न केवल एकाग्रता बढ़ाता है, बल्कि शरीर को तनावमुक्त भी रखता है। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में जैन कन्या इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या किरण देवी और अन्य अध्यापिकाओं की भूमिका अत्यंत सराहनीय रही। उनके सहयोग से ही लगभग 350 बालिकाओं ने इस शिविर का लाभ उठाया और स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त की।













Total views : 291081