
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश भारत स्काउट एवं गाइड प्रादेशिक प्रधान केंद्र लखनऊ तथा सहायक प्रादेशिक संगठन कमिश्नर मेरठ एवं सहारनपुर मंडल के तत्वावधान में स्थानीय डीएवी पीजी कॉलेज में एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां पांच दिवसीय बी.एड. स्काउट मास्टर गाइड कैप्टेन विशिष्ट परिचयात्मक प्रशिक्षण शिविर का विधिवत शुभारंभ किया गया।


कार्यक्रम का उद्घाटन महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. योगेश त्यागी ने ध्वजारोहण के साथ किया। इस अवसर पर प्रशिक्षार्थियों को संबोधित करते हुए प्राचार्य ने कहा कि अनुशासन और कठोर परिश्रम ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण के लिए सदैव तत्पर रहने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं माँ शाकुम्भरी विश्वविद्यालय सहारनपुर की रोवर-रेंजर समन्वयक प्रो. सुषमा सैनी ने छात्र-छात्राओं को जीवन में मानवीय मूल्यों को आत्मसात करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि स्काउटिंग हमें एक सच्चा और संवेदनशील इंसान बनना सिखाती है। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला आयुक्त रोवर प्रो. मुकेश चंद एवं जिला सहायक आयुक्त (गाइड) रेणु गर्ग उपस्थित रहे।
शिक्षा विभागाध्यक्षा प्रो. संगीता श्रीवास्तव ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। शिविर में प्रशिक्षण देने का दायित्व जिला संगठन आयुक्त स्काउट भारत भूषण अरोरा (मंच संचालक), प्रभा दहिया और रेणु गर्ग द्वारा निभाया जा रहा है। कार्यक्रम को सफल बनाने में मुकेश यादव, अनिल सिंह, दलनायक अभिनव बालियान एवं दलनायिका मानसी धीमान का विशेष सहयोग रहा।












Total views : 281294