
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। अखिल भारतीय जाट महासभा के तत्वाधान में रविवार को महिला सशक्तिकरण एवं जागरूकता कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान वक्ताओं ने समाज में बेटियों को शिक्षित करने और उन्हें हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने पर जोर दिया। कार्यक्रम में जुटी महिलाओं ने हुंकार भरी कि संगठित होकर ही समाज में व्याप्त कुरीतियों को जड़ से मिटाया जा सकता है।


प्रदेश अध्यक्ष का जोरदार स्वागत
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि प्रदेश अध्यक्ष मालती बाना रहीं, जिनका जिला अध्यक्ष वंदना बालियान ने माल्यार्पण कर गर्मजोशी से स्वागत किया। अपने संबोधन में विशिष्ट वक्ताओं ने कहा कि महिलाओं के भीतर अपार ऊर्जा है, बस आवश्यकता उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने की है।

कुरीतियों के खिलाफ एकजुट होने का आह्वान
प्रदेश महासचिव युद्धवीर सिंह ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने और शिक्षा के माध्यम से प्रत्येक क्षेत्र में अपनी पहचान बनाने के लिए प्रेरित किया। वहीं, जिला अध्यक्ष वंदना बालियान ने दहेज प्रथा जैसी सामाजिक बुराइयों पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि वे संगठित हों और समाज में सकारात्मक बदलाव की नींव रखें।
रेलवे में चयनित प्रज्ञा का हुआ सम्मान
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण ग्राम पचेंडा कलां की होनहार बेटी प्रज्ञा रही। प्रज्ञा का चयन ‘मिनिस्ट्री ऑफ रेलवे’ में होने पर समाज की महिला पदाधिकारियों ने उन्हें सम्मानित किया और अन्य बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति: इस अवसर पर प्रदेश महासचिव ममता बालियान, बॉबी सिंह सभासद, जिला महामंत्री अंजू चौधरी, विजेता चौधरी, सुनीता शेरावत, रीना रानी, लवी, सुजाता चौधरी, सहयोगिता चौधरी, संगीता बालियान, कविता, सरिता बालियान, बबीता रानी और बबीता बालियान सहित बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।












Total views : 276568