
लोकपथ, लाइव, मुजफ्फरनगर। राजकीय इण्टर कॉलेज (GIC) के प्रांगण में शनिवार को एक दिवसीय ‘पुस्तक जागरूकता एवं सुलभता शिविर’ का आयोजन किया गया। इस विशेष शिविर का मुख्य उद्देश्य निजी प्रकाशकों के महंगे मकड़जाल को तोड़कर विद्यार्थियों को एनसीईआरटी (NCERT) की सस्ती और प्रामाणिक पुस्तकें सुलभ कराना था।
शिविर प्रभारी डॉ. रणवीर सिंह ने बताया कि मेले में सुबह से ही छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और शिक्षकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कम कीमतों पर पाठ्यक्रम उपलब्ध होने से जहाँ अधिकांश अभिभावकों ने राहत की सांस ली, वहीं व्यवस्थाओं के बीच कुछ छात्र-छात्राओं ने किताबों की उपलब्धता को लेकर हंगामा कर दिया। स्थिति बिगड़ती देख सूचना पर पुलिस को बुलाना पड़ा, जिसके बाद पुलिस ने छात्रों को समझा-बुझाकर शांत कराया और सुचारू रूप से वितरण शुरू कराया।
कार्यक्रम का निरीक्षण करने पहुँचे संयुक्त शिक्षा निदेशक राणा सहस्रांसु सुमन ने शिविर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संतोष व्यक्त किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिक्षा विभाग पब्लिशर्स की मनमानी पर रोक लगाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। जेडी ने घोषणा की कि भविष्य में तहसील और ब्लॉक स्तर पर भी ऐसे शिविर लगाए जाएंगे ताकि ग्रामीण अंचल के बच्चों को महंगी किताबों से निजात मिल सके। इस अवसर पर जीआईसी प्रधानाचार्य, सुचित्रा सैनी, विनय यादव, रामपाल सिंह और प्रमोद कुमार सहित अनेक वरिष्ठ शिक्षाविद् मौजूद रहे।
Post Views: 105













Total views : 324300