
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। नगर के चौधरी छोटू राम महाविद्यालय में शिक्षक संघ के बैनर तले शिक्षकों की एक आपातकालीन बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में एसडी कॉलेज, मुजफ्फरनगर में हाल ही में घटित हुई एक निंदनीय घटना पर गहरा रोष व्यक्त किया गया। शिक्षकों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि वे इस घटना के विरोध में अपनी बांहों पर काली पट्टी बांधकर शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन करेंगे।


बैठक के दौरान उपस्थित सभी शिक्षकों ने घटना की कड़ी भर्त्सना करते हुए स्थानीय प्रशासन से मांग की कि दोषियों के विरुद्ध अविलंब और कठोरतम कार्रवाई की जाए। शिक्षकों का कहना था कि इस प्रकार की घटनाएं न केवल निंदनीय हैं, बल्कि शिक्षण संस्थानों की गरिमा पर भी आघात पहुँचाती हैं। महाविद्यालय परिवार ने इस पूरे प्रकरण में डॉ. अरविंद पंवार के प्रति अपना पूर्ण समर्थन व्यक्त करते हुए उनके साथ चट्टान की तरह खड़े रहने की बात कही।

शिक्षक संघ ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि शिक्षण संस्थानों की गरिमा और शिक्षकों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। बैठक में मुख्य रूप से प्राचार्य प्रो. केपी सिंह, प्रो. अरुण कुमार, प्रो. जीआर किशोर, प्रो. सयोनी, और प्रो. पीएस आर्या सहित बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में पीड़ित को न्याय दिलाने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कड़े कदम उठाने की अपील की।












Total views : 268233