
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। नगर के एमजी वर्ल्ड विजन विद्यालय में मंगलवार को ‘विश्व स्वास्थ्य दिवस’ के उपलक्ष्य में एक भव्य एवं ज्ञानवर्धक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस विशेष सत्र का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं को बेहतर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और उन्हें एक अनुशासित एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।


कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. गौरव गोयल उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शरीर को बीमारियों से मुक्त रखने के लिए संतुलित आहार, पर्याप्त नींद और नियमित शारीरिक व्यायाम अनिवार्य है। डॉ. गोयल ने दैनिक जीवन में स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि किस प्रकार छोटी-छोटी सावधानियां बड़ी बीमारियों से बचाव कर सकती हैं। सत्र के दौरान छात्रों में काफी उत्साह देखा गया और उन्होंने स्वास्थ्य से जुड़े कई जटिल प्रश्न पूछे, जिनका डॉ. गोयल ने बहुत ही सरल और प्रभावी ढंग से समाधान किया।

विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. मृणालिनी अनंत ने भी बच्चों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ स्वस्थ शरीर का होना अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि एक स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है। उन्होंने छात्रों से फास्ट फूड का त्याग कर पौष्टिक भोजन अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में सीनियर एकेडमिक कॉर्डिनेटर मोनिका अग्रवाल का विशेष सहयोग रहा। विद्यालय के इस प्रयास की अभिभावकों ने भी सराहना की है।












Total views : 268235