
मुख्यमंत्री ने मृतकों के आश्रितों को 5-5 लाख की सहायता देने का किया एलान
लोकपथ लाइव, जालना: महाराष्ट्र के महत्वाकांक्षी नागपुर-मुंबई समृद्धि एक्सप्रेसवे पर उस समय चीख-पुकार में बदल गई, जब जिले के कडवांची गांव के पास एक अनियंत्रित ट्रक ने खड़े टेम्पो को टक्कर मार दी, जिसमें सवार आठ महिला मजदूरों की मौत हो गई। ये महिलाएं हाईवे पर सफाई का काम करने के बाद अपने घर लौटने की तैयारी कर रही थीं।


पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, टेम्पो में ड्राइवर समेत कुल 11 लोग सवार थे। जैसे ही टेम्पो रवाना होने वाला था, पीछे से आ रहे काल बने एक ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेम्पो के परखच्चे उड़ गए और सात महिलाओं ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। आठवीं महिला की मृत्यु अस्पताल में इलाज के दौरान हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटनास्थल का मंजर इतना खौफनाक था कि शव सड़क पर बिखर गए थे। मृतकों में अलकाबाई अदमाने (45), लक्ष्मीबाई मदन (35), मीना अदमाने (45), कंचन अदमाने (50), ताराबाई चौधरी (60), कडूबाई मदन (55) और सुमन अदमाने (70) शामिल हैं। एक अन्य मृतक की शिनाख्त अभी नहीं हो पायी है। हादसे में घायल हुए तीन अन्य लोगों का इलाज जालना के सरकारी अस्पताल में चल रहा है, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। हादसे में जान गंवाने वाली सभी महिलाएं जालना तहसील की रहने वाली थीं।

मुआवजे की घोषणा
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने जिला प्रशासन को घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं और मृतकों के परिवारों के लिए 5-5 लाख रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की है। जालना जिले की पालक मंत्री पंकजा मुंडे और स्थानीय भाजपा विधायक नारायण कुचे ने भी पीड़ितों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की हैं। विधायक कुचे ने कहा कि यह घटना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। हमारे मुख्यमंत्री इस संवेदनशील घड़ी में परिवारों के साथ खड़े हैं और हर संभव मदद सुनिश्चित की जा रही है।
ट्रक चालक गिरफ्तार
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया है। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या हादसा ओवरस्पीडिंग के कारण हुआ या चालक ने नियंत्रण खो दिया था। समृद्धि महामार्ग पर बढ़ते हादसों ने एक बार फिर यात्रियों और वहां काम करने वाले श्रमिकों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।










Total views : 262572