
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। नगर के जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल में सत्र 2025–26 के वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह का गरिमामयी आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि, एडीएम फाइनेंस गजेंद्र कुमार की पत्नी डॉ. मोनिका सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। अपने संबोधन में डॉ. सिंह ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि परिश्रम, अटूट अनुशासन और लक्ष्य के प्रति निष्ठा ही सफलता के मूल आधार हैं।


समारोह के दौरान विद्यालय की प्रधानाचार्या स्वाति शर्मा ने छात्रों की उपलब्धियों का श्रेय उनके सतत प्रयास और शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को आत्मविश्वास के साथ भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए प्रोत्साहित किया। उप-प्रधानाचार्या अंजली आनंद ने भी नियमितता और आत्मविश्वास को सफलता के लिए अनिवार्य बताया।

समारोह में उन विद्यार्थियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया जिन्होंने सत्र के दौरान 100 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज कराई। इसके साथ ही वार्षिक परीक्षा में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले मेधावियों को भी पुरस्कृत किया गया। सदनवार प्रतियोगिताओं में विवेकानंद सदन ने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की। कक्षा 9 के छात्र अथर्व गोयल को उनकी बहुमुखी प्रतिभा के लिए ‘बेस्ट ऑल राउंडर’ के विशेष पुरस्कार से नवाजा गया। कार्यक्रम का सफल संचालन अस्मिता अनेजा ने किया और समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।












Total views : 297115