
उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर 9193331304 जारी, मौके पर ही निपटाई गईं सैकड़ों शिकायतें
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री कपिल देव अग्रवाल ने जनता को बिजली समस्याओं, विशेष रूप से स्मार्ट मीटर से जुड़ी दिक्कतों से निजात दिलाने के लिए बड़ी पहल की है। मुजफ्फरनगर नगरपालिका सभागार में आयोजित एक विशेष शिविर में मंत्री ने स्वयं मौजूद रहकर उपभोक्ताओं की शिकायतों को सुना और बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को उनके तत्काल निस्तारण के कड़े निर्देश दिए।


नगरपालिका सभागार में आयोजित एक विशेष शिविर के दौरान बड़ी संख्या में उपभोक्ता अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे। लोगों का कहना था कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद अक्सर बिना किसी स्पष्ट कारण के बिजली कट जाती है। कई मामलों में मीटर में लाइट जलती रहती है, लेकिन घर की आपूर्ति बाधित हो जाती है। इसके अलावा खराब मीटर और तकनीकी खामियों के कारण उपभोक्ताओं को भारी मानसिक और आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

हेल्पलाइन नंबर से मिलेगी त्वरित राहत
मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने जनहित को ध्यान में रखते हुए विद्युत विभाग द्वारा एक विशेष हेल्पलाइन नंबर 9193331304 जारी करवाया। उन्होंने बताया कि अब उपभोक्ता इस नंबर पर कॉल करके सीधे अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्मार्ट मीटर की कार्यप्रणाली को लेकर जनता के बीच जागरूकता फैलाई जाए और एक विस्तृत प्रेस विज्ञप्ति जारी कर तकनीकी पहलुओं को स्पष्ट किया जाए।
जनता से धैर्य रखने की अपील
शिविर में मौजूद अधिकारियों को सख्त लहजे में निर्देश देते हुए मंत्री ने कहा कि बिजली कटने की स्थिति में उसका समाधान तुरंत होना चाहिए। जनता की सेवा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने उपभोक्ताओं से भी अपील की कि स्मार्ट मीटर एक नई तकनीक है जिसे समझने में थोड़ा समय लग रहा है, इसलिए लोग धैर्य बनाए रखें; सरकार और विभाग जल्द ही सभी तकनीकी खामियों को दूर कर लेंगे।










Total views : 248781