
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। जनपद के लिए यह अत्यंत हर्ष और गौरव का क्षण है। भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा संचालित ‘इंस्पायर अवार्ड मानक योजना’ के सत्र 2025-26 के परिणामों में मुजफ्फरनगर का दबदबा देखने को मिला है। इस वर्ष जनपद के कुल 79 बाल वैज्ञानिकों का चयन इस प्रतिष्ठित योजना के लिए हुआ है, जो पिछले वर्ष की तुलना में एक बड़ी उपलब्धि है।
नवाचार के लिए प्रोत्साहन राशि जारी: चयनित सभी 79 विद्यार्थियों के बैंक खातों में उनके वैज्ञानिक नवाचारों और प्रोजेक्ट निर्माण के लिए ₹10,000 की प्रोत्साहन राशि प्रेषित की जा रही है। इस राशि का उपयोग विद्यार्थी अपने अभिनव विचारों को धरातल पर उतारने और मॉडल तैयार करने में करेंगे। उल्लेखनीय है कि सत्र 2024-25 में यह संख्या 71 थी, जिसमें इस वर्ष शानदार बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है। यह वृद्धि जनपद में विज्ञान के प्रति बढ़ते रुझान और शिक्षकों के समर्पण का जीवंत प्रमाण है।
जिला स्तरीय प्रदर्शनी में दिखेगा हुनर: योजना के अगले चरण में, ये बाल वैज्ञानिक अपने तैयार मॉडलों का प्रदर्शन जिला स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में करेंगे। यहाँ से उत्कृष्ट मॉडलों को राज्य और राष्ट्रीय स्तर के लिए चुना जाएगा। जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) राजेश कुमार श्रीवास ने इस सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए चयनित विद्यार्थियों, प्रधानाचार्यों और विज्ञान शिक्षकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता टीम वर्क और सही मार्गदर्शन का परिणाम है।
मार्गदर्शन से मिली सफलता: जिला नोडल प्रभारी डॉ. विकास कुमार ने बताया कि यदि विद्यार्थियों को उचित मंच और प्रोत्साहन मिले, तो वे समाज की जटिल समस्याओं का वैज्ञानिक समाधान निकाल सकते हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि ये नन्हे वैज्ञानिक भविष्य में देश के विकास में मील का पत्थर साबित होंगे।
Post Views: 155













Total views : 297071