
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। जनपद के कस्बे मीरापुर के युवक ने अपनी प्रतिभा के बल पर सफलता का नया इतिहास रच दिया है। कस्बे के वरिष्ठ समाजसेवी मनीष गोयल उर्फ सीटन के पुत्र आर्यन गोयल का चयन प्रतिष्ठित विमानन कंपनी एयर इंडिया में बोइंग-737 फ्लीट पर ट्रेनी पायलट के रूप में हुआ है।
आर्यन के ताऊ डब्बू गोयल ने बताया कि आर्यन का बचपन से ही पायलट बनकर देश की सेवा करने और मीरापुर का नाम रोशन करने का सपना था। अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित आर्यन ने फरवरी 2024 में कमर्शियल पायलट लाइसेंस (CPL) की ट्रेनिंग सफलतापूर्वक पूरी की। इसके ठीक एक साल बाद, अक्टूबर 2025 में उन्होंने बोइंग-737 की ‘टाइप रेटिंग’ हासिल की। उनके निरंतर कड़े परिश्रम का ही परिणाम है कि आज एयर इंडिया ने उन्हें अपने बेड़े का हिस्सा बनाया है।
अपनी सफलता पर आर्यन गोयल ने कहा कि यह मुकाम परिवार के अटूट सहयोग और गुरुजनों के मार्गदर्शन के बिना संभव नहीं था। आर्यन की माँ दीपाली गोयल का कहना है कि आर्यन बचपन से ही मेधावी रहे हैं और उनमें पायलट बनने का गहरा जुनून था। इस उपलब्धि की खबर मिलते ही उनके आवास पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। आर्यन को अमित मित्तल, प्रथम मित्तल, मनोज मदान, पीयूष जैन सहित कस्बे के कई प्रतिष्ठित लोगों ने बधाई देकर हौंसला बढ़ाया।
Post Views: 223













Total views : 230310