
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा बोर्ड प्रयागराज की बोर्ड परीक्षा के पहले ही दिन मुजफ्फरनगर में कक्ष निरीक्षकों की लापरवाही उजागर हुई है। शहर के गांधी कालोनी स्थित एसडी गर्ल्स इंटर कालेज परीक्षा केंद्र पर कक्ष निरीक्षकों ने छात्राओं को आधे घंटे की देरी से प्रश्न-पत्र का विरतण किया, जबकि परीक्षा के निर्धारित समय पर कापियों ले ली गई। इससे छात्राओं के प्रश्नों के उत्तर अधूरे रह गए। छात्राओं ने अपने विद्यालय की प्रधानाचार्या को भी इस मामले की जानकारी दी है।


18 फरवरी 2026 बुधवार को यूपी बोर्ड परीक्षा हिंदी विषय के साथ पूरे प्रदेश में शुरू हुई। पहले ही दिन मुजफ्फरनगर के एसडी गर्ल्स कालेज गांधी कालोनी में दूसरी पाली के पेपर में शहर के नई मंडी स्थित भागवंती सरस्वती विद्यालय मंदिर इंटर कालेज की 12वीं की छात्राएं हिंदी का पेपर देने पहुंची। केंद्र पर तैनात शिक्षकों के अनुभव की कमी से कई छात्राओं के कापी में उत्तर लिखने अधूरे छूट गए। छात्राओं का कहना है कि उनका सेंटर गांधी कालोनी स्थित एसडी गर्ल्स इंटर कालेज में लगा था। उन्हें परीक्षा के आधे घंटे बाद प्रश्न पत्र दिया गया, लेकिन उनसे उत्तर पुस्तिका निर्धारित समय पर ही ले ली गई। इसको लेकर परीक्षार्थियों के साथ भागवंती विद्या मंदिर इंटर कालेज की प्रधानाचार्या वंदना शर्मा ने भी नाराजगी जताई है। उनका कहना था कि जब परीक्षार्थियों को विलंब प्रश्न पत्र वितरित किया तो उन्हें निर्धारित समय से अलग आधे घंटे का समय देना चाहिए था। बताया जा रहा है कि परीक्षार्थी समयाभाव के चलते सभी प्रश्नों का जवाब नहीं दे पाए। कई छात्राओं का कहना था कि उन्हें सवालों का जवाब याद था लेकिन समय नहीं मिलने की वजह से वह सवाल छोड़ आए। हालांकि डीआईओएस राजेश श्रीवास का कहना है कि मामला संज्ञान में आया था, वह स्वंय वहां पहुंचे थे। कक्ष निरीक्षकों को प्रश्न-पत्र खोलने की प्रक्रिया की पूर्ण जानकारी नहीं थी, जिस कारण प्रश्न-पत्र वितरण में विलंभ हुआ। इसलिए 10 मिनट का अतिरिक्त समय परीक्षार्थियों को दे दिया गया था।

मुजफ्फरनगर में पहले ही दिन 2221 बोर्ड परीक्षार्थी अनुपस्थित
मुजफ्फरनगर में बुधवार को 72 केंद्रों पर यूपी बोर्ड परीक्षा हिंदी विषय के साथ शुरू हो गई। पहली पाली में दसवीं के 27869 बोर्ड परीक्षार्थियों ने केंद्रों पर पहुंचकर अपनी परीक्षा दी, जबकि दूसरी पाली में 12वीं के 26073 परीक्षार्थियों ने भी हिंदी विषय की परीक्षा में प्रतिभाग किया। पहले दिन हिंदी विषय की परीक्षा होने के कारण परीक्षार्थियों की चेहरे खिले रहे। दोनों पालियों में 2221 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। कंट्रोल रूम से भी सभी केंद्रों पर सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी रखी गई है।











Total views : 215346