
प्रमोद त्यागी ने प्रतिद्वंदी मौ.अंजुम खान को 59 मतों से दी मात
महासचिव पद पर सुरेन्द्र कुमार मलिक से 175 मतों से हारे प्रदीप कुमार
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों स्वागत कर समर्थकों ने मनाया जश्न
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर(ओ.पी. पाल): जिला बार संघ मुजफ्फरनगर के चुनाव की मतगणना के बाद आये नतीजों के बाद वरिष्ठ अधिवक्ता प्रमोद त्यागी ने अध्यक्ष और सुरेन्द्र कुमार मलिक ने महासचिव के पद पर जीत हासिल की है। जिला बार संघ की नई कार्यकारिणी के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का कचहरी परिसर में फल मालाओं से स्वागत किया गया और समर्थकों ने ढोल नगाड़ों के साथ जुलूस निकालकर जश्न मनाया।


मुजफ्फरनगर कचहरी परिसर स्थित फैंथम हाल में जिला बार संघ की वर्ष 2026- 2027 के लिए नई कार्यकारिणी के लिए हुए चुनाव की शनिवार की सुबह आठ बजे मतगणना शुरू हुई, जिसके 19 राउंड देर रात्रि तक पूरे हुए। इससे पहले शुक्रवार को नई कार्यकारिणी के लिए हुए मतदान में करीब 1911 वकीलों ने वोट डाले। घोषित चुनाव नतीजों में अध्यक्ष पद के लिए प्रमोद त्यागी को सर्वाधिक 602 मत हासिल हुए, जबकि उनके प्रतिद्वंदी मौहम्मद अंजुम खान को 543 मत मिले। यानी मौहम्मद अंजुम खान को 59 मतों के अंतर से मात देकर प्रमोद त्यागी अध्यक्ष पद पर निर्वाचित हुए। जबकि महासचिव पद पर सुरेन्द्र कुमार मलिक ने 587 मत लेकर अपने निकटतम प्रतिद्वंदी प्रदीप कुमार मलिक को 175 मतो से परास्त किया। इस पद के लिए प्रदीप कुमार को 412 वोट मिले। संघ में कोषाध्यक्ष पद पर नीशुकान्त शर्मा ने अपने प्रतिद्वंदी मुनव्वर हसन को 72 मतों से हराकर जीत हासिल की। इस पद के लिए नीशुकान्त शर्मा को 620 तथा मुनव्वर हसन को 548 मत मिले।

चन्द्रवीर चौधरी बने वरिष्ठतम उपाध्यक्ष
जिला बार संघ के चुनाव में वरिष्ठतम उपाध्यक्ष पद पर चन्द्रवीर चौधरी 680 मत लेकर काबिज हुए। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी ईश्वर चन्द त्यागी को 203 मतों से पराजित किया। इस पद पर ईश्वर चन्द त्यागी को 477 मत हासिल हो सके। प्रमोद त्यागी व मौहम्मद अंजुम खान के अलावा अध्यक्ष पद के लिए चुनाव मैदान में उतरे अनिल जिन्दल को 508, सुरेन्द्रपाल मैनवाल को 177 तथा अर्जुन सिंह को 57 मत मिले। इसी प्रकार महासचिव पद पर सुरेन्द्र मलिक व प्रदीप कुमार के बाद जितेन्द्र कुमार को 396, नवाब अली चौधरी को 350 तथा विकास त्यागी को 138 मतों पर संतोष करना पड़ा। कोषाध्यक्ष पद के लिए 6 उम्मीदवारों ने अपनी किस्मत आजमाई, जिसमें नीशुकान्त शर्मा व मुनब्बर हुसैन के अलावा सुधीर कुमार चौहान को 412, अमित कुमार जैन को 133तथा सुभाष चन्द को 127 मत हासिल हुए।
मिठाई बांटकर मनाई खुशियां
जिला बार संघ चुनाव के लिए मुख्य चुनाव अधिकारी उदयवीर सिंह पोरिया व एल्डर कमेटी के चेयरमैन आनंद प्रकाश त्यागी, वरिष्ठ सदस्य नासिर अली, हसानंद शर्मा, चुनाव अधिकारी ललित शर्मा, रमेश चंद गोयल, ज्ञानेन्द्र कुमार त्यागी, रियाज हसन, धर्मेन्द्र सिंह पुंडीर ने विजयी प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की। चुनाव के बाद अधिवक्ताओं ने विजयी प्रत्याशियों को मिठाई खिलाकर बधाई दी और खुशियां मनाई। बार संघ के अध्यक्ष पद पर निर्वाचित हुए प्रमोद त्यागी और महासचिव सुरेन्द्र कुमार मलिक के समर्थकों ने सभी पदाधिकारियों को फूलमालाओं से स्वागत किया और ढोल नगाड़ों के साथ जुलूस निकालकर जीत का जश्न मनाया।










Total views : 211704