
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने झूला हादसे पर की मुआवजे की घोषणा
पुलिस ने संचालक कंपनी के दो लोगों को किया गिरफ्तार
लोकपथ लाइव, फरीदाबाद: एक दिन पहले सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय हस्तशिल्प मेले में हुए झूला हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मुआवजे की घोषणा करते हुए कहा कि शहीद इंस्पेक्टर के परिवार के एक सदस्य को नौकरी, घायलों को एक-एक लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी। वहीं घायलों के अच्छे अस्पताल में इलाज का खर्च सरकार द्वारा वहन करेगी। वहीं हादसे पुलिस ने झूला संचालक कंपनी के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।


मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने के सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय हस्तशिल्प मेले में झूला टूटने से हुए दुखद हादसे पर हरियाणा के गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कुरुक्षेत्र से घटना पर तुरंत संज्ञान लेते हुए मृतक एवं घायलों के लिए राहत और सहायता संबंधी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सूरजकुंड मेले में हुई दुर्घटना में श्हीद इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की और कहा कि शहीद पुलिसकर्मी के परिवार की आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उनके परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाएगी, ताकि परिवार को भविष्य में किसी प्रकार की आर्थिक परेशानी का सामना न करना पड़े। वहीं उन्होंने गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को राज्य सरकार की ओर से एक-एक लाख रुपये की वित्तीय सहायता देने का ऐलान किया। गौरतलब है कि मेले में में झूला टूटने से इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद की मौत हो गई थी और पुलिसकर्मियों समेत एक दर्जन लोग घायल हो गये थे। सुप्रीम अस्पताल में भर्ती 8 घायलों में से 4 मरीजों को उपचार के बाद डिस्चार्ज किया जा चुका है, जबकि शेष 4 का इलाज जारी है और डॉक्टरों की टीम उनकी निगरानी कर रही है।

दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए सख्त कार्रवाई के निर्देश दिये हैं। वहीं पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता के निर्देश पर पुलिस उपायुक्त अपराध के पर्यवेक्षण में तीन सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित की गई है। टीम वैज्ञानिक और तकनीकी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए झूला संचालक कंपनी के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार थाना सूरजकुंड में हिमाचल प्रदेश की हिमाचल फन केयर कंपनी के प्रोपराइटर मोहम्मद शाकिर के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की धारा में मामला दर्ज किया गया है। जांच के दौरान पुलिस ने मोहम्मद शाकिर निवासी गांव टोका नंगला, जिला सिरमौर (हिमाचल प्रदेश) व एक अन्य आरोपी नितेश निवासी धर्मपुरी सदर, मेरठ कैंट (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया है। अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की जांच जारी है।
परिजनों को सौंपा इंस्पेक्टर का शव
इस हादसे में शहीद निरीक्षक जगदीश प्रसाद का पोस्टमार्टम कराने के बाद पार्थिव शरीर परिजनों को सौंप दिया गया। इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल और पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता ने सिविल अस्पताल फरीदाबाद पहुंचकर शहीद के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी। पुलिस महानिदेशक ने कहा कि निरीक्षक जगदीश प्रसाद ने ड्यूटी के दौरान घायलों की जान बचाते हुए अपने प्राणों की आहुति दी है।










Total views : 205512