

नायब सिंह सैनी की जगह हुई बड़ौली की नियुक्ति
LP Live, Chandigarh: भाजपा ने हरियाणा में आगामी अक्टूबर में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा विधायक मोहन लाल बड़ौली को हरियाणा प्रदेश का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। भाजपा ने विधानसभा चुनाव की रणनीति के तहत मुख्यमंत्री नायब सैनी के स्थान पर बड़ौली को प्रदेश संगठन की कमान सौंपी है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा द्वारा मंगलवार को सोनीपत जिले की राई विधानसभा क्षेत्र से विधायक मोहन लाल बड़ौली को हरियाणा प्रदेशाध्यक्ष पद पर नियुक्त किया है, जिसकी जिम्मेदारी अभी तक मुख्यमंत्री नयाब सैनी संभालते आ रहे थे। बड़ौली मुख्यमंत्री नायब सैनी के काफी विश्वास पात्र विधायकों में माने जाते हैं। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा की गई इस नियुक्ति की जानकारी पार्टी महासचिव अरुण सिंह ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी करके दी है। बड़ौली अभी तक हरियाणा भाजपा के संगठन में प्रदेश महामंत्री पर पर कार्य कर रहे थे। मोहन लाल सोनीपत जिले की राई तहसील के बडोली गांव के रहने वाले हैं।

लोस चुनाव से पहले शुरु हुई बदलाव की रणनीति
हरियाणा के मुख्यमंत्री रहे मनोहरलाल खट्टर के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद उनके स्थान पर प्रदेशाध्यक्ष नायब सैनी को मुख्यमंत्री बनाया गया। इसके बाद प्रदेशाध्यक्ष पर नई नियुक्ति की कवायद शुरु होना तय था। केंद्र में मनोहरलाल के ऊर्जा मंत्री बनने के बाद राज्य में भाजपा की सरकार की कमान संभाल रहे नायब सैनी के प्रदेशाध्यक्ष का भार हटाने के लिए बड़ौली को मौका दिया गया। राजनीतिकारों के अनुसार यह नियुक्ति आगामी राज्य विधानसभा चुनाव के मद्देनजर तैयार की जा रही रणनीति के तहत की गई है।
