ट्रेंडिंगदिल्ली-एनसीआरदेशराजनीतिशिक्षासाहित्य- कला संस्कृति,अध्यात्म

वरिष्ठ साहित्यकारों निर्मला, अशोक व चित्रा को शलाका सम्मान

 पद्मश्री डा. श्याम सिंह शशि, कुमुद शर्मा व बालस्वरुप को दिल्ली शिखर सम्मान

दिल्ली हिंदी अकादमी ने तीन वर्षो के साहित्य सम्मान का किया ऐलान
LP Live, New Delhi: हिंदी अकादमी, दिल्ली ने 2022-23, 2023-24 और 2024-25 के लिए साहित्य सम्मानों का ऐलान किया है। इसमें वरिष्ठ साहित्यकारों प्रोफेसर निर्मला जैन, अशोक वाजपेयी और चित्रा मुद्गल को श्लाका सम्मान पुरस्कार दिया जाएगा। जबकि डा. बालस्वरूप राही, प्रो.कुमुद शर्मा और डा. श्याम सिंह शशि को ‘हिंदी अकादमी, दिल्ली शिखर सम्मान से नवाजा जाएगा।

दिल्ली सरकार में कला, संस्कृति एवं भाषा मंत्री सौरभ भारद्वाज की अध्यक्षता में 30 दिसंबर 2024 को हुई हिंदी अकादमी, दिल्ली की संचालन समिति की बैठक में पुरस्कारों का फैसला किया गया। अकादमी द्वारा की गई घोषणा के अनुसार वरिष्ठ साहित्यकारों प्रोफेसर निर्मला जैन, अशोक वाजपेयी और चित्रा मुद्गल को क्रमश: 2022-23, 2023-24 और 2024-25 के श्लाका सम्मान पुरस्कार दिया जाएगा, जिसमें इन तीनों को पांच-पांच लाख रुपये की राशि प्रदान की जाएगी।

डा. श्यामसिंह शशि को दिल्ली शिखर सम्मान
हिंदी अकादमी दिल्ली द्वारा गुरुवार को इन पुरसकारों की घोषणा के अनुसार वर्ष 2022-23, 2023-24 और 2024-25 के लिए ‘हिंदी अकादमी दिल्ली शिखर सम्मान के लिए डा. बालस्वरूप राही, प्रो.कुमुद शर्मा और डा. श्याम सिंह शशि को चुना गया है, जिन्हें दो-दो लाख रुपये की राशि प्रदान की जाएगी। इसी प्रकार इन तीनों वर्षो के लिए ‘संतोष कोली स्मृति सम्मान’ वरिष्ठ साहित्यकार ममता कालिया, मैत्रेयी पुष्पा और प्रो. अनामिका को दिया जाएगा, जिसके लिए इन्हें भी दो-दो लाख रूपये की राशि प्रदान की जाएगी।

इन विभूतियों को एक-एक लाख के सम्मान से नवाजा जाएगा
हिंदी अकादमी विशिष्ट योगदान सम्मान पुरस्कार इन तीन वर्षों के लिए क्रमश: वरिष्ठ उपन्यासकार भगवानदास मोरवाल, विजय किशोर मानव और बलराम को दिया जाएगा। संतोष आनंद, मंगल नसीम और प्रो.सीता सागर को हिंदी अकादमी काव्य सम्मान और प्रो.पूरनचंद टंडन, डा. हरिसुमन बिष्ट और प्रयाग शुक्ल को हिंदी अकादमी गद्य सम्मान के लिए चुना गया है।

पत्रकारिता क्षेत्र में इन का होगा सम्मान
हिंदी अकादमी पत्रकारिता सम्मान (प्रिंट मीडिया) वरिष्ठ पत्रकार राहुल देव, चैतन्य कीर्ति और संजय सहाय को प्रदान किया जाएगा। इलैक्ट्रॉनिक मीडिया में लक्ष्मीशंकर वाजपेयी, रामवतार बैरवा और सईद अंसारी को यह सम्मान देने का फैसला किया गया है। हिंदी अकादमी अनुवाद सम्मान के लिए डा. जानकी प्रसाद शर्मा, जरूरी पूरवार और सुभाष नीरव को चुना गया है। इनके अलावा नानकचंद, सुरेश नीरव और डा. के श्रीनिवासन को हिंदी अकादमी सेवा सम्मान और डा.विमलेश कांती शर्मा, रामकुमार कृषक तथा अर्चना चतुर्वेदी को हिंदी सहभाषा सम्मान प्रदान किया जाएगा।

एक नए पुरस्कार का ऐलान
हिंदी अकादमी संचालन समिति ने हिंदी अकादमी के एक नए पुरस्कार की भी घोषणा की। इसके तहत देश के वरिष्ठ साहित्यकार को 11लाख रूपये की राशि से सम्मानित किया जाएगा और यह विशिष्ट सम्मान होगा। उन्होंने कहा कि इस विशिष्ट सम्मान को अगले वित्त वर्ष 2025-26 से लागू कर दिया जाएगा। इसके अलावा उन्होंने कहा कि अकादमी दो और नए पुरस्कार शुरू करने जा रही है जिनके तहत गद्य और पद्य विधा में 50-50 हजार रूपये की राशि प्रदान की जाएगी।

admin

लोकपथ लाइव वेबसाइड एक न्यूज बेवसाइट है। यहां खबरों के साथ देश के प्रतिभाशाली व्यक्तियों का परिचय भी उनकी उपलब्धियों के साथ कराना हमारी प्राथमिकता में शामिल है। हमारा मकसद आप तक सच्ची खबरें तथ्यों के साथ पहुंचाना है। लोकपथ लाइव पर अंतराष्ट्रीय, राष्ट्रीय सहित विभिन्न राज्यों के जिलों और गांव तक की ताजा खबरें पढ़ सकते हैं। - प्रधान संपादक

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button