यूपी: मुख्यमंत्री को सौंपा गया राष्ट्रपति से मिला ‘राष्ट्रीय जल पुरस्कार’
जल प्रबंधन के लिए सर्वश्रेष्ठ राज्य की श्रेणी में आया उत्तर प्रदेश


उत्तर प्रदेश को मिले तीन पुरस्कार भी मुख्यमंत्री को भेंट किये गए
LP Live, Lucknow: सीएम योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में जल प्रबंधन और जल संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए उत्तर प्रदेश को चार महीने में तीन पुरस्कार प्रदान किये गए। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मिला राष्ट्रीय जल पुरस्कार विभागीय अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को सौंपा।

उत्तर प्रदेश ग्रामीण इलाकों में घर-घर तक नल कनेक्शन पहुंचाने के साथ जल संरक्षण और जल प्रबंधन के क्षेत्र में शानदार काम के लिए सर्वश्रेष्ठ राज्य की श्रेणी में उत्तर प्रदेश को देश में दूसरा स्थान मिला। हाल ही में यूपी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने यह राष्ट्रीय जल पुरस्कार प्रदान किया था। सर्वश्रेष्ठ राज्य की श्रेणी में उड़ीसा को पहला और गुजरात-पुडुचेरी को संयुक्त रूप से तीसरा स्थान मिला था। इसके अलावा उत्तर प्रदेश की उपलब्धियों में स्वच्छ गंगा मिशन के तहत गंगा स्वच्छता अभियान व अन्य नदी संरक्षण कार्यों के लिए उत्तर प्रदेश को 13 जुलाई को स्कॉच गोल्ड अवार्ड मिला था। नोएडा इन्टरनेशनल ट्रेड शो-2024 में उत्तर प्रदेश में जल जीवन मिशन के कार्यों और उपलब्धियों की प्रदर्शनी लगाने के लिए उत्तर प्रदेश को 27 सितंबर को केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने बेस्ट डिस्प्ले अवार्ड प्रदान किया था। ये सभी पुरस्कार गुरुवार को मुख्यमंत्री को नमामि गंगे के अपर मुख्य सचिव अनुराग श्रीवास्तव ने यह पुरस्कार सौंपे। मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि के लिए नमामि गंगे व ग्रामीण जलापूर्ति के अफसरों की पीठ थपथपाई। मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान विशेष सचिव बृजराज सिंह यादव, जलविज्ञानी अनुपम श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।
