करियरट्रेंडिंगदिल्ली-एनसीआरदेशराजनीतिराज्य

प्रबोधन कार्यक्रम: दिल्ली के नवनिर्वाचित विधायकों ने पढ़ा संसदीय पाठ

लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने किया दिल्ली विधान सभा को आदर्श विधान सभा बनाने का आग्रह

सदन में सार्थक संवाद के साथ गरिमापूर्ण ढंग से व्यक्त हो असहमति
लोक सभा अध्यक्ष ने किया दिल्ली विधान सभा के सदस्यों के लिए आयोजित प्रबोधन कार्यक्रम का उद्घाटन 
LP Live, New Delhi: लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने दिल्ली विधान सभा के नवनिर्वाचित सदस्यों से इसे आदर्श विधान सभा बनाने का आग्रह करते हुए कहा कि नई सरकार से लोगों को बहुत अधिक अपेक्षाएं हैं, जिन पर खरा उतरना दिल्ली के जनप्रतिनिधियों का दायित्व ही नहीं, जिम्मेदारी भी है।

यह बात लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने दिल्ली विधान सभा परिसर में मंगलवार को दिल्ली विधानसभा और लोकसभा सचिवालय के संसदीय लोकतंत्र शोध एवं प्रशिक्षण संस्थान द्वारा आयोजित दो दिवसीय प्रबोधन कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र के दौरान कही। बिरला ने कहा कि लोकतंत्र में सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है और उनके सकारात्मक योगदान से लोकतांत्रिक प्रक्रिया मजबूत होती है। उन्होंने विधानसभा सदस्यों से लोगों की समस्याओं के नए समाधान खोजने और प्रतिस्पर्धी भावना से विचारों और अनुभवों को साझा करने का आग्रह करते हुए कहा कि विधायकों को विधान सभा में ऐसे नवाचार प्रस्तुत करने चाहिए, जिससे लोगों की समस्याओं का हल निकल सके। दिल्ली को भारत का लघु रूप बताते हुए बिरला ने कहा कि यहां सभी राज्यों से विभिन्न भाषाओं, धर्मों और संस्कृतियों के लोग आते हैं, और उनकी अलग-अलग आकांक्षाओं और अपेक्षाओं को पूरा करना निर्वाचित प्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है। इसलिए उन्होंने सुझाव दिया कि सदस्यों को अपने निर्वाचन क्षेत्रों तक सीमित रहकर सोचने के बजाय पूरी दिल्ली के विकास पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र का आधार संवाद और आम सहमति है, इसलिए संसदीय लोकतंत्र में विपक्ष की भूमिका सकारात्मक और रचनात्मक होनी चाहिए। उन्होंने इस बात पर भी ज़ोर दिया कि सदस्यों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि उनकी भाषा, आचरण और तर्क संसदीय मानदंडों के अनुरूप हों।

सदन की गरिमा बनाए रखना आवश्यक
बिरला ने कहा कि सदस्यों को लोगों की आशाओं और आकांक्षाओं को पूरा करते समय लोकतांत्रिक भावना और संवैधानिक मूल्यों को बनाए रखते हुए सदन के नियमों, प्रक्रियाओं और परंपराओं का पालन करना चाहिए। उन्होंने विधानमंडल को कायपालिका की जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए अधिक प्रभावी मंच बनाने के लिए टेक्नालोजी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के उपयोग और सदस्यों के क्षमता निर्माण पर भी जोर दिया। विधानमंडलों को सार्थक संवाद का मंच बताते हुए बिरला ने कहा कि सदन में किसी भी प्रकार का गतिरोध नहीं होना चाहिए तथा असहमति को गरिमापूर्ण ढंग से तथा सार्थक संवाद के माध्यम से व्यक्त किया जाना चाहिए। उन्होंने सदयों से सार्वजनिक जीवन में आचरण तथा नैतिकता के उच्चतम मानकों को बनाए रखने का आग्रह किया। स्वतंत्रता संग्राम तथा आधुनिक भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था की स्थापना के साथ जुड़े दिल्ली विधान सभा के गौरवशाली इतिहास का उल्लेख करते हुए उन्होंने सदस्यों से परंपराओं को कायम रखने तथा उन्हें और मजबूत बनाने का आग्रह किया।

नियम व प्रक्रियाओं से परिचित रहे विधायक
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने कहा कि पुरानी चर्चा-संवाद के अध्ययन के साथ ही कानूनों तथा नए विचारों को सीखने तथा समझने की सोच के साथ काम करना आवश्यक है। बिरला ने कहा कि जनप्रतिनिधियों को विधान सभा के नियमों और प्रक्रियाओं, भारत के संविधान, विशेषकर उन धाराओं से परिचित होना चाहिए जो आपके राज्य, कर्तव्यों और जिम्मेदारियों से संबंधित हैं। उन्होंने कहा कि विधि निर्माता को जितनी अधिक जानकारी होगा, वह विधान सभा में उतना ही अधिक प्रभावी होगा। श्री बिरला ने यह भी कहा कि जनप्रतिनिधि जितनी अधिक तकनीक अपनाएंगे, उनकी चर्चाएं और विचार-विमर्श उतना ही बेहतर होगा।
इस अवसर पर, श्री बिरला ने विधायी प्रारूपण के ज्ञान के महत्व को दोहराते हुए कहा कि विधायी प्रारूपण में कुशल जनप्रतिनिधि अपने राज्य के विकास और शासन में सार्थक योगदान दे सकते हैं। अच्छे विधायी प्रारूपण के माध्यम से विधायक विधान सभा की मदद कर सकता है तथा प्रभावी कानून बनाने और लोगों तक सेवाएँ बेहतर ढंग से पहुंचाने में सरकार की मदद कर सकता है।

कार्यक्रम में ये रहे शामिल
प्रबोधन कार्यक्रम में दिल्ली विधान सभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता, दिल्ली की मुख्य मंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता, दिल्ली विधान सभा में विपक्ष की नेता सुश्री आतिशी मार्लेन, दिल्ली विधान सभा के उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट भी प्रमुख रुप से मंच पर मौजूद रहे। कार्यक्रम में दिल्ली के सभी निर्वाचित विधायकों, मंत्रियों और विधानसभा सचिवालय के अधिाकरी भी शामिल हुए।

admin

लोकपथ लाइव वेबसाइड एक न्यूज बेवसाइट है। यहां खबरों के साथ देश के प्रतिभाशाली व्यक्तियों का परिचय भी उनकी उपलब्धियों के साथ कराना हमारी प्राथमिकता में शामिल है। हमारा मकसद आप तक सच्ची खबरें तथ्यों के साथ पहुंचाना है। लोकपथ लाइव पर अंतराष्ट्रीय, राष्ट्रीय सहित विभिन्न राज्यों के जिलों और गांव तक की ताजा खबरें पढ़ सकते हैं। - प्रधान संपादक

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button