
हरियाणा से तीन बार के भाजपा सांसद चुने गये
LP Live, Chandigarh: केंद्र की मोदी सरकार में केंद्रीय मंत्री रहे और अंबाला से तीन बार के भाजपा के निर्वाचित सांसद रतन लाल कटारिया का चंडीगढ़ के पीजीआई अस्पताल में निधन हो गया, वे 72 वर्ष के थे। पीएम नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय मंत्रियों, सांसदों व विभिन्न राजनैतिक दलों के नेताओं ने कटारिया के निधन पर शोक जताते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। हरियाणा में एक दिन का शोक घोषित किया गया है।
अंबाला से तीन बार भाजपा के लोकसभा के सदस्य निर्वाचित होने वाले रतनलाल कटारिया ने जुलाई 2021 में स्वस्थ्य कारणों से केंद्रीय जलशक्ति राज्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। निमोनिया की शिकायत पर कटारिया इलाज के लिए चंडीगढ़ स्थित पीजीआई अस्ताल में भर्ती थे, जहां गुरुवार को उन्होंने अंतिम सांस ली। वे अपने परिवार में पत्नी, दो बेटो और एक बेटी को छोड गये हैं। कटारिया लंबे समय तक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से भी जुड़े हुए थे। साल 2019 के लोकसभा चुनाव में कटारिया ने हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष कुमारी शैलजा को अंबाला (सुरक्षित) सीट से लगभग 3.42 लाख मतों के अंतर से 57 प्रतिशत वोट हासिल करके हराया था। इसके बाद मोदी कैबिनेट में उन्हें जगह दी गई। इससे पहले वह 1999 और 2014 में अंबाला लोकसभा सीट से सांसद निर्वाचित हो चुके थे। जबकि 2004 और 2009 के लोकसभा चुनाव में वह लगातार दो बार कांग्रेस की कुमारी शैलजा के सामने चुनाव हारे थे।

राजकीय सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार
पूर्व मंत्री कटारिया के निधन की सूचना मिलने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक ट्वीट करते हुए शोक जताया और उन्हें श्रद्धांजलि दी। पीएम मोदी ने कहा कि सांसद और पूर्व मंत्री रतन लाल कटारिया जी के निधन से व्यथित हूं। वे जन सेवा और सामाजिक न्याय के प्रति अपने समृद्ध योगदान के लिये सदैव याद किये जायेंगे। उन्होंने हरियाणा में भाजपा को मजबूत बनाने में प्रमुख भूमिका निभाई थी। उनके परिजनों और समर्थकों के प्रति संवेदनायें। ओम् शांति।” वहीं हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने कटारिया के निधन पर शोक व्यक्त किया। पंचकूला में राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
विपल्वदेव ने रात की थी मुलाकात
टारिया के निधन से एक दिन पहले ही त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के हरियाणा प्रभारी बिप्लब कुमार देब 72 वर्षीय का हालचाल जानने के लिए चंडीगढ़ पीजीआई पहुंचे थे और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की थी। त्रिपुरा के पूर्व सीएम विपल्व देव ने निधन पर शोक व्यक्त करते हुए ट्विटर पर कहा कि पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री और अंबाला के सांसद रतन लाल कटारिया का निधन बहुत दुखद है। कल रात ही वह कटारिया जी से पीजीआई चंडीगढ़ में हाल चाल जानने के लिए उनसे मिला था, उनकी इच्छाशक्ति बहुत मजबूत थी। उनके अंतिम क्षण। दुख की इस घड़ी में उनके परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं।
