पंचतत्व में विलीन हुए जैन मुनि आचार्य विद्यासागर महाराज
पीएम मोदी व यूपी सीएम योगी ने जैनमुनि को दी श्रद्धांजलि

छत्तीसगढ़ सरार ने आधे दिन के शोक का किया ऐलान
LP Live, New Delhi: जैन पंथ के आध्यात्मिक गुरु आचार्य एवं जैन मुनि आचार्य विद्यासागर जी महाराज के ब्रह्मलीन होने पर शोक की लहर दौड़ गई है। छत्तीसगढ़ सरकार ने जैन मुनि आचार्य विद्यासागर महाराज के पंचतत्व में विलीन होने के बाद आधे दिन के शोक की घोषणा की है। जैन मुनि के ब्रह्मलीन होने पर पीएम नरेन्द्र मोदी व यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ समेत उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है।
जैन मुनि आचार्य विद्यासागर महाराज डोंगरगढ़ स्थित चंद्रगिरी पर्वत पर पंचतत्व में विलीन हो गए। इससे पहले जैन मुनि ने रात 2 बजकर 30 बजे समाधि (देह त्याग दी) ले ली थी। छत्तीसगढ़ के डोंगरगढ़ स्थित चन्द्रगिरी तीर्थ पर उन्होंने अंतिम सांस ली। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री कार्यालय ने एक्स पर हिंदी में एक पोस्ट में कहा कि इस अवधि के दौरान राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा और कोई भी राज्य समारोह या कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जाएगा। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने एक्स हिंदी में एक पोस्ट के माध्यम से कहा कि छत्तीसगढ़ सहित देश और दुनिया को अपने ओजस्वी ज्ञान से समृद्ध करने वाले आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज को देश और समाज के लिए उनके उल्लेखनीय कार्यों, त्याग और तपस्या के लिए युगों-युगों तक याद किया जाएगा। वह चरणों में नमन करते हैं। गौरतलब है कि जैन समाज में ‘वर्तमान के वर्धमान’ कहे जाने वाले संत आचार्य श्री 108 विद्यासागर जी महाराज ने 3 दिन के उपवास के बाद छत्तीसगढ़ के डोगरपुर में समाधि ली और शनिवार रात उन्होंने अपनी देह त्याग दी। इससे पहले उन्होंने अखंड मौन धारण कर लिया था। उनके ब्रह्मलीन होने का समाचार सुनते ही जैन समाज में शोक की लहर दौड़ पड़ी।

पीएम मोदी ने भी दी श्रद्धांजलि
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी जैन मुनि आचार्य विद्यासागर जी महाराज को श्रद्धांजलि दी। पीएम ने कहा कि मेरे विचार और प्रार्थनाएं आचार्य श्री 108 विद्यासागर जी महाराज जी के अनगिनत भक्तों के साथ हैं। उन्हें आने वाली पीढ़ियों द्वारा समाज में आध्यात्मिक जागृति की दिशा में उनके प्रयासों, गरीबी उन्मूलन, स्वास्थ्य देखभाल की दिशा में उनके काम के लिए अमूल्य योगदान के लिए याद किया जाएगा। इधर, दिल्ली में आयोजित भाजपा के राष्ट्रीय सम्मेलन के दूसरे दिन जैन संत आचार्य श्री 108 विद्यासागर जी महाराज को श्रद्धांजलि देते हुए पीएम मोदी, केंद्रीय मंत्रियों, भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और अन्य पार्टी नेताओं के नेतृत्व में पार्टी ने एक मिनट का मौन रखा।
सीएम योगी ने अपूरणीय क्षति बताया
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जैन पंथ के आध्यात्मिक गुरु आचार्य श्री 108 विद्यासागर जी महाराज के ब्रह्मलीन होने पर अपनी शोक संवेदना प्रकट की। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा कि जैन पंथ के पूज्य संत, आध्यात्मिक गुरु, आचार्य श्री 108 विद्यासागर जी महाराज का ब्रह्मलीन होना आध्यात्मिक जगत एवं संपूर्ण समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। कोटि-कोटि नमन।
