दिल्ली में महिलाओं को हर माह मिलेंगे 2500 रुपये
दिल्ली सरकार ने महिला समृद्धि योजना को दी मंजूरी


अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर महिलाओं को दी बड़ी सौगात
LP Live, New Delhi: दिल्ली में बहुमत के साथ भाजपा सरकार ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर दिल्ली की महिलाओं को चुनावी वादे को पूरा करते हुए बड़ी सौगात दी है। मसलन दिल्ली कैबिनेट ने महिला समृद्धि योजना को मंजूरी दे दी है। इस योजना के तहत दिल्ली की पात्र महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये दिये जाएंगे।
दिल्ली कैबिनेट के इस फैसले की जानकारी देते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कहा महिला दिवस पर महिला सशक्ति को नमन करते हुए कहा कि दिल्ली कैबिनेट ने महिला दिवस पर महिला समृद्धि योजना के लिए 5100 करोड़ रुपये का आवंटन मंजूर किया है। जिसके तहत महिलाओं को प्रति माह 2500 रुपये मिलेंगे। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि जिस घर में नारी का सम्मान नहीं है, वो घर आगे बढ़ नहीं सकता। जिस देश में नारी का सम्मान नहीं है, वो देश आगे नहीं बढ़ सकता। नरेंद्र मोदी ने इस बात को समझा और महिलाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने का काम किया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार का फोकस नारी सशक्तिकरण पर है।
कमेटी तय करेगी नियम व शर्ते
दिल्ली की भाजपा सरकार ने महिलाओं के लिए एक नई स्कीम ‘महिला समृद्धि योजना’ के कार्यान्वयन को लेकर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में एक कमिटी बनाई गई है जो इस योजना के नियम और शर्तें तय करेगी। इस कमिटी में प्रवेश वर्मा, आशीष सूद और कपिल मिश्रा भी शामिल हैं। एक ऑनलाइन पोर्टल भी लॉन्च किया जाएगा, जहां महिलाएं रजिस्ट्रेशन करा सकेंगी। यह योजना खासतौर पर उन गरीब महिलाओं के लिए है, जिनकी आय तीन लाख रुपये से कम होगी। इसके लिए बनाए गये पोर्टल पर पंजीकरण करना होगा।
सीएम रेखा गुप्ता ने कांग्रेस व आप पर कसा तंज
जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में भाजपा के दिल्ली महिला मोर्चा द्वारा आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि केवल भाजपा में ही महिलाओं का सम्मान होता है। कांग्रेस काल में जब इंदिरा गांधी प्रधानमंत्री थीं तो उस समय उनके अलावा कोई अन्य महिला कैबिनेट में नहीं थी। वहीं आप की सरकार में महिला सांसद को घर पर बुलाकर पीटा जाता था। दिल्ली के हर जिले में वन स्टॉप सेंटर बनाया जाएगा। हर जरूरत की जगह पर पिंक शौचालय बनाएंगे। महिलाओं से जो वादा किया है उसे भी पूरा करेंगे।
