एक पेड़ मां के नाम: यूपी में एक दिन में बना 37.22 करोड़ पौधारोपण का कीर्तिमान
योगी सरकार ने यूपी में रचा इतिहास, लक्ष्य से ज्यादा लगाए गये पौधे


सीएम योगी ने अयोध्या, आजमगढ़ और गोरखपुर में किया पौधारोपण
बाराबंकी में महामहिम राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने लगाए पौधे
प्रदेश के सभी 75 जिलों और 18 मंडलों में चला वृहद पौधरोपण अभियान
LP Live, Lucknow : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने बुधवार को नया इतिहास रच दिया। ‘एक पेड़ मां के नाम 2.0’ थीम के अंतर्गत पौधरोपण महाभियान-2025 में पूरे प्रदेश में शाम छह बजकर छह मिनट तक एक दिन (9 जुलाई बुधवार) में 37,21,40,925 पौधरोपण हुए। यह सरकार द्वारा तय किए गए 37 करोड़ के लक्ष्य से 21,40,925 अधिक है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर्यावरण संरक्षण को लेकर बेहद संवेदनशील हैं। दुनियाभर में बढ़ते ग्लोबल वार्मिंग के खतरे को कम करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बीते वर्षों की भांति इस वर्ष भी बड़े पैमाने पर अभियान को शीर्ष प्राथमिकता दी गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान ‘एक पेड़ मां के नाम-2.0’ के तहत मुख्यमंत्री की मंशा को ध्यान में रखते हुए बुधवार को प्रदेश में व्यापक स्तर पर ‘पौधरोपण महाभियान-2025’ चलाया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या के रामपुर हलवारा में सरयू नदी के किनारे त्रिवेणी वाटिका में बरगद, नीम और पीपल के पौधे रोपकर इसे भगवान श्रीराम, धरती माता और जन्मदायिनी माता को समर्पित किया। इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने आजमगढ़ के सठियांव ब्लॉक के केरमा गांव में एक्सप्रेसवे के किनारे हरिशंकरी वाटिका की स्थापना की, फिर गोरखपुर के खाद कारखाना परिसर में चिलुआताल के समीप पौधरोपण किया।

राज्यपाल आनंदी बेन, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद व ब्रजेश पाठक ने भी किया पौधारोपण
यूपी की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने बाराबंकी में पौध लगाया। राज्यपाल ने यहां त्रिवेणी (पीपल, बरगद व नीम) का रोपण किया। उन्होंने लघु फिल्म लॉन्च की, आंगनबाड़ी किट, पोषण पोटली व प्रमाण पत्र वितरित किए। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मेरठ तथा ब्रजेश पाठक ने लखनऊ में पौधरोपण किया। वन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. अरुण कुमार सक्सेना अयोध्या-गोरखपुर तथा वन राज्यमंत्री कृष्णपाल मलिक आजमगढ़-गोरखपुर के मुख्य कार्यक्रम में शामिल हुए। वहीं प्रदेश सरकार के सभी मंत्रियों ने भी अलग अलग जिलों में पौधे रोपित किये।
प्लांटेशन मॉनिटरिंग सिस्टम सॉफ्टवेयर पर रियल टाइम अपडेट
बुधवार को हुए ‘पौधरोपण महाभियान-2025’ के अंतर्गत वन, रक्षा, रेलवे की भूमि, ग्राम पंचायत एवं सामुदायिक भूमि, एक्सप्रेस वे, सड़क, नहर, रेल पटरी के किनारे, विकास प्रधिकरण, औद्योगिक परिसर, चिकित्सा संस्थान, शिक्षण संस्थान की भूमि, अन्य राजकीय भूमि, कृषकों की निजी भूमि, नागरिकों द्वारा निजी परिसर में बड़े स्तर पर पौधरोपण किया गया है। सबसे अहम बात ये कि अभियान को पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने के लिए वन विभाग की तरफ से एण्ड्रायड आधारित प्लांटेशन मॉनिटरिंग सिस्टम सॉफ्टवेयर पर रीयल टाइम अपडेट मिला। वन विभाग ने भी टेक्नोलॉजी के तहत वेबसाइट https://pmsupfd.org/plantingprogress.html पर पल-पल की रिपोर्ट अपडेट होती रही। सीएम ने इस पुनीत कार्य में सहभागी हर नागरिक, जनप्रतिनिधि, अधिकारियों, कर्मचारियों, छात्रों, स्वयंसेवियों, किसानों और हर परिवार को धन्यवाद दिया।
