
लोकपथ लाइव, लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक ढांचे को मजबूती देने की दिशा में कदम बढ़ाते हुए 2025 बैच के 21 प्रशिक्षु (ट्रेनी) आईएएस अधिकारियों की जिलों में तैनाती की घोषणा की है। ये सभी अधिकारी मसूरी स्थित लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी (LBSNAA) में अपना शुरुआती प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा कर चुके हैं और अब फील्ड अनुभव के लिए उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में भेजे जा रहे हैं।


शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, इन अधिकारियों को जिलों में असिस्टेंट मजिस्ट्रेट और असिस्टेंट कलेक्टर के पद पर तैनात किया जाएगा। इनकी मुख्य भूमिका जिला प्रशासन के कार्यों में सहयोग करना, क्षेत्रीय विकास की योजनाओं की निगरानी और कानून-व्यवस्था के जमीनी स्तर को समझना होगी।

17 अप्रैल से शुरू होगी जिम्मेदारी: उत्तर प्रदेश सरकार के संयुक्त सचिव अरुणेश कुमार द्विवेदी ने इस संबंध में आधिकारिक पत्र जारी कर दिया है। शासन के अनुसार, 17 अप्रैल को इन प्रशिक्षु अफसरों का प्रोफेशनल कोर्स फेज-1 पूरा हो जाएगा, जिसके तुरंत बाद ये अपने आवंटित जिलों में रिपोर्ट करेंगे।
फील्ड ट्रेनिंग पर विशेष जोर: जिलों में तैनाती के दौरान इन अधिकारियों की कार्यक्षमता, निर्णय लेने की योग्यता और जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशीलता का सूक्ष्म परीक्षण किया जाएगा। इसी फील्ड ट्रेनिंग के आधार पर भविष्य में उनकी स्थायी और बड़ी जिम्मेदारियों वाली तैनाती का मार्ग प्रशस्त होगा। नई ऊर्जा से भरे इन अधिकारियों के आने से जिलों के प्रशासनिक कामकाज में और तेजी आने की उम्मीद है।











Total views : 268174