
‘अटल महानायक’ पुस्तिका का विमोचन व प्रथम ई-बुक का भी लोकार्पण
गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगें राष्ट्र प्रेरणा स्थल का लोकार्पण
लोकपथ लाइव, लखनऊ: पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जन्मदिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित ‘अटल गीत गंगा कार्यक्रम’ में केद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल हुए। इस मौके पर अतिथियों ने ‘अटल महानायक’ पुस्तिका का विमोचन व प्रथम ई-बुक का भी लोकार्पण किया। वाजपेयी जी के जन्मदिवस पर गुरुवार को लखनऊ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्र प्रेरणा स्थल का लोकार्पण करेंगें, जहां डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पं. दीनदयाल उपाध्याय व अटल बिहारी वाजपेयी की 65-65 फुट ऊंची की कांस्य प्रतिमा लगी है।


पूर्व प्रधानमंत्री, ‘भारत रत्न’ श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयंती की पूर्व संध्या पर अटल बिहारी वाजपेयी साइंटिफिक कॉन्वेंशन सेन्टर, केजीएमयू, लखनऊ में बुधवार को आयोजित ‘अटल गीत गंगा कार्यक्रम’ को केद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने अन्य अतिथियों के साथ ‘अटल महानायक’ पुस्तिका का विमोचन व प्रथम ई-बुक का भी लोकार्पण किया। सीएम योगी ने अटल जी की कविता ‘हार नहीं मानूंगा, रार नहीं ठानूंगा’ का जिक्र किया और कहा कि जिस भी नागरिक के सामने संकट होता है, उनकी कविताएं उसके लिए प्रेरणा होती हैं। अटल जी कवि हृदय थे, लेकिन देश के लिए उन्होंने उतनी ही दृढ़ इच्छाशक्ति से कार्य किया। सीएम योगी ने राष्ट्र प्रेरणा स्थल की विशेषता का जिक्र करते हुए बताया कि वहां ओपन थियेटर में तीन हजार लोग बैठ सकते हैं। वहां का मंच भी काफी बड़ा है। उस मैदान में एक साथ दो लाख लोग एकत्र हो सकते हैं। लखनऊ में सार्वजनिक कार्यक्रमों का सबसे बड़ा स्थल है। चार हजार बस व चार पहिया वाहनों के पार्किंग की व्यवस्था भी दी गई है। कार्यक्रम के लिए वहां स्थान की कमी नहीं होगी।

कवि कुमार विश्वास का एकल कविता पाठ
कार्यक्रम संयोजक उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने अतिथियों का स्वागत किया। ‘अटल गीत गंगा’ में कवि कुमार विश्वास ने एकल कविता पाठ भी किया। इस दौरान भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रमापति राम त्रिपाठी, निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, सांसद बृजलाल, महापौर सुषमा खर्कवाल, विधान परिषद सदस्य मुकेश शर्मा, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता सिंह चौहान आदि की मौजूदगी रही।
मुख्यमंत्री योगी ने दीप जलाकर दी अटल जी को श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी की पूर्व संध्या पर बुधवार को लोकभवन में उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी ने लोकभवन परिसर में स्थापित अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर उनकी पुण्य स्मृतियों को नमन किया। लोकभवन परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में भी अटल जी के जीवन और कृतित्व को केंद्र में रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।











Total views : 209549