
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की परीक्षाएं आगामी 12 मार्च को संपन्न होने जा रही हैं, जिसके तुरंत बाद बोर्ड कापियों के मूल्यांकन की कवायद शुरू हो जाएगी। शासन ने इस वर्ष 19 मार्च से 2 अप्रैल तक मूल्यांकन कार्य पूर्ण करने की तिथि निर्धारित की है। मुजफ्फरनगर जनपद में मूल्यांकन कार्य को शुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) ने तीन प्रमुख केंद्रों का प्रस्ताव बोर्ड को भेजा है।
इन केंद्रों पर जांची जाएंगी कॉपियां
डीआईओएस राजेश कुमार श्रीवास ने जानकारी देते हुए बताया कि मूल्यांकन के लिए पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज, एसडी इंटर कॉलेज (रोडवेज बस स्टैंड) और डीएवी इंटर कॉलेज (आर्य समाज रोड) को केंद्र बनाने का प्रस्ताव भेजा गया है। गौरतलब है कि पिछले वर्ष की कमियों को देखते हुए इस बार इस्लामिया इंटर कॉलेज को केंद्र सूची से बाहर रखने की संस्तुति की गई है।
सीसीटीवी और मजिस्ट्रेट की कड़ी निगरानी रहेगी
मूल्यांकन कार्य प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा। इसकी निगरानी के लिए लगभग 2000 परीक्षकों की ड्यूटी लगाई जाएगी। पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सभी केंद्रों पर सेक्टर मजिस्ट्रेट और बोर्ड द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक तैनात रहेंगे। खास बात यह है कि डीआईओएस कार्यालय में बने कंट्रोल रूम से ही मूल्यांकन कक्षों की लाइव निगरानी की जाएगी, जिसके लिए शिक्षकों की तीन शिफ्टों में ड्यूटी लगाई गई है।
कार्य शुरू होने से पूर्व परीक्षकों को ‘मॉडल उत्तर पुस्तिकाएं’ दिखाई जाएंगी, ताकि मूल्यांकन की प्रक्रिया में एकरूपता बनी रहे। 15 दिनों तक चलने वाले इस सघन अभियान के जरिए समयबद्ध तरीके से परिणाम तैयार करने की योजना है।
Post Views: 296












Total views : 236277