
उत्तर भारत में घने कोहरे से प्रभावित रहा रेल यातायात
तेज, राजधानी और अन्य कई एक्सप्रेस ट्रेनें घंटों लेट
लोकपथ लाइव, नई दिल्ली: देशभर व नई दिल्ली में कई जगहों से चलने वाली दर्जनों एक्सप्रेस रेलगाड़ियां कई कई घंटे देरी से चल रही हैं। इसका कारण उत्तर भारत में लगातार घने कोहरे का कहर है, जिसका सीधा प्रभाव सड़क व रेल यातायात पर देखने को मिल रहा है।


रेलवे सूत्रों के अनुसार उत्तर भारत में छाण् घने कोहरे का असर सीधे रेलों की गति पर पड़ रहा है। दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश और बिहार के कई हिस्सों में घने कोहरे के कारण दृश्यता के बहुत कम होने की वजह से किसी भी संभावित दुर्घटना से बचाने हेतु ट्रेनों की गति को कम करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। रेलवे सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए ट्रेनों को धीमी गति से चलाया जा रहा है। इसी कारण बुधवार को पटना जंक्शन, राजेंद्रनगर, दानापुर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय मंडल सहित पूरे जोन में कोहरे के दौरान रेल परिचालन को सुरक्षित और सुचारु बनाए रखने के लिए रेलगाड़ियां कम गति से चल रही हैं। वहीं लोको पायलटों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं और सिग्नलिंग सिस्टम पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

ये प्रमुख ट्रेनें कोहरे से प्रभावित
रेलवे के मुताबिक कोहरे के कारण प्रमुख रुप से तेजस राजधानी एक्सप्रेस (13 घंटे), संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस (6 घंटे), विक्रमशिला एक्सप्रेस (4 घंटे 34 मिनट), नार्थ ईस्ट एक्सप्रेस (3 घंटे 59 मिनट), सीमांचल एक्सप्रेस (3 घंटे 12 मिनट), श्रमजीवी एक्सप्रेस (3 घंटे 55 मिनट), डिब्रूगढ़ राजधानी (3 घंटे 48 मिनट), भागलपुर गरीब रथ (15 घंटे 22 मिनट), अमृत भारत एक्सप्रेस (9 घंटे 30 मिनट), मगध एक्सप्रेस (10 घंटे 7 मिनट), फरक्का एक्सप्रेस (9 घंटे 44 मिनट) और ब्रह्मपुत्र मेल (9 घंटे 55 मिनट) शामिल हैं। कोहरे में ट्रेनों की रफ्तार धीमी होने से रेल यात्रियों को भारी परेशानियों से जूझना पड़ रहा है।इसके अलावा दिल्ली से बिहार व अन्य राज्यों के लिए चलाई जा रही कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय से काफी देरी से चल रही हैं।
कई ट्रेनों के बदले समय
रेलवे के अनुसार तेजस राजधानी एक्सप्रेस के देर से राजेंद्रनगर पहुंचने का असर इसके वापसी समय पर भी पड़ा। आमतौर पर यह ट्रेन शाम 7:10 बजे राजेंद्रनगर से नई दिल्ली के लिए रवाना होती है, लेकिन देरी के चलते इसके प्रस्थान समय को बदलकर रात 10:00 बजे कर दिया गया। इसी तरह नई दिल्ली से पटना आने वाली संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस भी लगभग 6 घंटे की देरी से स्टेशन पहुंची। इसके अलावा एक दर्जन से अधिक मेल और एक्सप्रेस ट्रेनें भी अपने तय समय से काफी पीछे चल रही है।











Total views : 209953