
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर शहर में विकास कार्यों को गति एवं सौन्दर्यीकरण कराने के लिए जिला प्रशासन ने कवायद शुरू कर दी है। डीएम उमेश मिश्रा ने इसकी पूरी जिम्मेदारी मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण एवं नगर पालिका परिषद को सौंपी है। खास बात यह है कि मुजफ्फरनगर शहर की सबसे बड़ी समस्या सड़क जाम की है। इससे निपटने के लिए शहर में वाहन पार्किंग के लिए महावीर चौक स्थित पुरानी लाइब्रेरी के आसपास दो जगहों एवं कलेक्ट्रेट परिसर स्थित पार्किंग स्थल को भूमितल सहित दो मंजिला वाहन पार्किंग स्थल बनाने का निर्णय लिया गया है।
गुरुवार को मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण सभागार में डीएम उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में प्राधिकरण की उपाध्यक्ष कविता मीणा, सचिव कुंवर बहादुर सिंह, नगर पालिका परिषद की ईओ डा. प्रज्ञा सिंह एवं अन्य अधिकारियों की एक बैठक हुई। बैठक में शहर के विकास और सौंदर्यीकरण को लेकर विशेष चर्चा हुई। डीएम उमेश मिश्रा ने इन सभी अधिकारियों के समक्ष मुजफ्फरनगर शहर के मुख्य स्थानों पर मुख्य द्वार, वहलना चौक, महावीर चौक, पार्किंग व्यवस्था आदि का विकास व सौंदर्यीकरण किए जाने को लेकर चर्चा की। डीएम ने विकास प्राधिकरण महर्षि शुकदेव आरोग्य पथ मेरठ रोड जिलाधिकारी आवास सुजड़ू चौक तक तथा वहलना चौक से सुजुडू चौक तक सौंदर्यीकरण कराने के निर्देश दिए। जबकि नगर पालिका सर्कुलर रोड के दोनों तरफ पटरी व सुंदरीकरण, सुजड़ू से वहलना चौक तक सड़क दोनों तरफ नालों को कवर करने को कहा गया। पार्किंग व्यवस्था कहां-कहां पर हो सकती है देख लेने के लिए निर्देशित किया गया।
बताया गया कि महावीर चौक आसपास और कलेक्ट्रेट परिसर में जहां वर्तमान में वाहन पार्किंग स्थल है उसका उच्चीकरण कराने का काम किया जाएगा। भूमितल सहित दो मंजिला पार्किंग स्थल बनाने की कवायद शुरू की गई है। इससे शहरवासियों को जाम से निजात मिलने की पूरी उम्मीद है। डीएम उमेश मिश्र ने मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण एवं अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को निर्देश दिए कि आपस में समन्वय बनाकर शहर का विकास कराएं। उन्होंने कहा कि जहां पर भी विकास कार्य कराया जाए उसकी देखरेख भी सुनिश्चित किया जाए ।
Post Views: 131













Total views : 203752