
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। शहर में सड़कों पर बेसहारा पशुओं के लिए काम कर रही अर्जुन फाउंडेशन ने रोड साइड एनीमल, विशेष रूप से स्ट्रीट डॉग के लिए सुरक्षित शैल्टर (आश्रय स्थल) बनाने की घोषणा की है। इसके लिए उन्होंने घायल, बीमार और असहाय पशुओं को उपचार, भोजन और सुरक्षित ठिकाना उपलब्ध कराने की पहल की है। हालांकि एनजीओ के सदस्यों ने दावा किया वह अभी भी एक घर में गली-मौहल्लों के घायल कुत्तों का रखकर उनका उपचार करा रहे हैं। 100 से अधिक कुत्तों की नसबंदी भी कराई, जिसमें सभी ने अपने स्तर से ही खर्च किया है। उन्हें नगरपालिका और प्रशासन से सहयोग की अपील कर कार्य करने की मांग की है, जिसमें वह अपना सहयोग देने के लिए आगे रहेंगे। इस दौरान एनजीओ के पदाधिकारियों ने बताया कि जिला प्रशासन का इतना भी सहयोग नहीं मिलता कि वह जब घायल पशु को लेकर मुजफ्फरनगर के अस्पताल पहुंचते है तो वह पशुओं को उचित इलाज दे सके। पशु चिकित्सा विभाग के पास इलाज के लिए संसाधन तक नहीं है। इसके लिए डीएम व नगरपालिकाओं को काम करने की जरूरत है।
अर्जुन फाउंडेशन ने रविवार को गांधी कालोनी में पत्रकार वार्ता की। इस दौरान दौरान अध्यक्ष डॉ. संदीप अरोरा ने कहा कि शहर और ग्रामीण इलाकों में बड़ी संख्या में बेसहारा कुत्ते, गाय, बन्दर और अन्य पशु सड़कों पर दुर्घटनाओं, मौसम की मार और बीमारियों का शिकार हो रहे हैं। कई बार भूख-प्यास के कारण उनकी हालत और भी दयनीय हो जाती है। इन जानवरों को जीवन की सुरक्षा देने के लिए हमारा एनजीओ लगातार चार वर्षों से सामाजिक तालमेल बनाते हुए पशु और मानव के बीच एक प्रेम का रिश्ता जोड़ने का प्रयास कर रहा है। ऐसे में फाउंडेशन ने अब जनपद में एक रोड साइड एनीमल शैल्टर निर्माण का निर्णय लिया और सरकार की एनीमल बर्थ कंट्रोल गाइड लाइन 2023 के अनुसार ही इस एबीसी सेंटर का निर्माण कराने का प्रयास शुरू किया गया। इससे न केवल पशुओं को राहत मिलेगी, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी। बताया कि जनहितकारी कार्य के लिए जिला प्रशासन, नगर पालिका और आम जनता से सहयोग की अपील की है। संस्था का कहना है कि यदि प्रशासन भूमि और बुनियादी सुविधाओं में सहयोग करे तथा नागरिक दान और स्वयंसेवा के माध्यम से आगे आएं, तो यह परियोजना जल्द साकार रूप ले सकती है। इस दौरान सचिव मोहित त्यागी, सावन महेन्द्रा, सारिका गोयल, अनाया और आकांक्षा आदि मौजूद रहे।
Post Views: 349













Total views : 209504