
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। जनपद के वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व सभासद बिजेंद्र पाल बुधवार को पंचतत्व में विलीन हो गए। उनका अंतिम संस्कार नदी रोड स्थित श्मशान घाट पर गमगीन माहौल में हुआ। बिजेंद्र पाल के निधन से जिले के राजनीतिक और सामाजिक गलियारे में शोक की लहर रही। बेहद ही मिलनसार व्यक्ति होने के चलते उनके अंतिम यात्रा में नेताओं, सामाजिक लोगों सहित आम लोगों की भीड़ उमड़ी।


बुधवार सुबह 10 बजे अंतिम यात्रा मुजफ्फरनगर के केवलपुरी स्थित उनके निवास स्थान से शुरू हुई, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। इस दौरान उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने दिवंगत नेता की अर्थी को कंधा दिया और उनके पार्थिव शरीर को भाजपा के ध्वज से ढकाकर उन्हें अंतिम सम्मान अर्पित किया। श्मशान घाट पर उनके बड़े पुत्र सुमित पाल ने मुखाग्नि दी। इस हृदयविदारक क्षण में उपस्थित लोगों ने उनके तीनों पुत्र सुमित, नितिन और विजय पाल को ढांढस बंधाया।

अंतिम विदाई देने वालों में पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान, राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल, पूर्व सांसद सोहनबीर सिंह पाल, पूर्व विधायक अशोक कंसल, पूर्व पालिकाध्यक्ष डा. सुभाष शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल, सहकारी बैंक के सदस्य पंकज पाल, वरिष्ठ भाजपा नेता देशबंधु तोमर, राहुल गोयल के-संस, मुजफ्फरनगर बुलेटिन के संपादक अंकुर दुआ, सपा नेता दर्शन सिंह धनगर, वरिष्ठ पत्रकार ओ.पी. पाल, ऋषिराज राही, शरद गोयल, सलेक पाल सहित पूर्व सभासद अरविंद धनगर, मास्टर महिपाल, रतनपाल आदि गणमान्य नागरिकों ने श्मशान घाट पहुँचकर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। बिजेंद्र पाल को एक जमीन से जुड़े नेता के रूप में याद किया गया, जिन्होंने सदैव जनसेवा को प्राथमिकता दी। बता दें कि मंगलवार शाम उनका निधन बीमारी के चलते हो गया था।












Total views : 268930