
अपनों पर ही साजिश का आरोप, दवाई लेने गई थी पत्नी, पुलिस हर पहलुओं पर कर रही जांच
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर: जनपद के थाना नगर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले शांत गांव पिनना में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक परिवार ने दिनदहाड़े सनसनीखेज डकैती की सूचना दी। पीड़ित रवि कश्यप के परिवार का दावा है कि हथियारों से लैस बदमाशों ने घर में तांडव मचाते हुए करीब 15 लाख रुपये की नगदी और जेवरातों पर हाथ साफ कर दिया है। हालांकि, मौके पर पहुँची पुलिस और क्राइम ब्रांच की शुरुआती जांच इस पूरी वारदात को शक की निगाह से देख रही है।


पीड़ित महिला शिवानी ने पुलिस को बताया कि वह घर से दवाई लेने बाहर गई हुई थी। इसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने घर में घुसकर उसके पति और बच्चों को हथियारों के बल पर बंधक बना लिया। महिला का आरोप है कि लुटेरों ने न केवल अलमारी के ताले तोड़े, बल्कि उन्हें घर के उन गुप्त ठिकानों की भी जानकारी थी जहाँ जमीन के नीचे कीमती जेवरात छिपाकर रखे गए थे। बदमाशों ने जमीन खोदकर जेवर निकाले और फरार हो गए।

पारिवारिक रंजिश का तड़का
इस मामले में पुलिस को सबसे अधिक संदेह पीड़िता के बयान से हुआ है। शिवानी ने सीधे तौर पर अपने ही ससुराल पक्ष (पति के भाइयों) पर इस घटना की साजिश रचने का शक जताया है। पुलिस का मानना है कि यदि लुटेरे अज्ञात थे, तो उन्हें जमीन के अंदर छिपे जेवरों का सटीक पता कैसे चला? महिला का आरोप है कि भाइयों से चल रहे पुराने विवाद के कारण इस वारदात को अंजाम दिलाया गया है।
पुलिस की ‘सुई’ परिवार पर क्यों अटकी?
नगर कोतवाली पुलिस और क्राइम ब्रांच (ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के बाद तीन मुख्य बिंदुओं पर सवाल उठाए हैं? डकैती जैसी संगीन वारदात के कई घंटों बाद पुलिस को फोन किया गया। ग्राम प्रधान रामकुमार ने स्पष्ट किया कि गांव का माहौल हमेशा से शांत रहा है और ऐसी घटना पहली बार सुनी जा रही है। घर के अंदर किसी भी तरह के जबरन प्रवेश के निशान न मिलना मामले को संदिग्ध बना रहा है।
पुलिस जल्द करेगी पर्दाफाश
क्राइम ब्रांच की टीम ने मौके से फिंगरप्रिंट्स और वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं। अधिकारियों का कहना है कि यह “लूट” है या “पारिवारिक रंजिश में रचा गया स्वांग”, इसका खुलासा जल्द कर दिया जाएगा। पुलिस ने चेतावनी दी है कि यदि संपत्ति विवाद में विपक्षी को फंसाने के लिए झूठी सूचना दी गई है, तो सूचना देने वाले परिवार के विरुद्ध भी कठोर दंडात्मक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।










Total views : 265733