
मंसूरपुर हाईवे पर मची अफरा-तफरी; स्थानीय लोगों ने प्रशासन की कार्यशैली पर उठाए सवाल
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर: मंसूरपुर क्षेत्र के हाईवे पर आज एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। तेज रफ्तार से गुजरते भूसे से लदा एक ओवरलोड ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक काफी तेज रफ्तार में था। वाहन में उसकी क्षमता से कहीं अधिक भूसा भरा हुआ था, जिसके चलते ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे जा पलटा। गनीमत यह रही कि इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, अन्यथा ट्रक की स्थिति को देखते हुए यह एक बड़ा हादसा हो सकता था। हादसे के बाद ट्रक सड़क किनारे पलट गया, जिससे हाईवे पर आवागमन कुछ समय के लिए बाधित रहा। वाहन के पहिए ऊपर की ओर हवा में थे, जिसे देखकर राहगीर भी सहम गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर यातायात सामान्य करने के प्रयास किए गए।

प्रशासन के खिलाफ लोगों में आक्रोश
इस घटना के बाद स्थानीय नागरिकों में गहरा रोष है। ग्रामीणों का आरोप है कि मंसूरपुर क्षेत्र में लगातार ओवरलोड वाहनों का संचालन हो रहा है, जो आए दिन हादसों को न्योता देते हैं। लोगों ने प्रशासन और परिवहन विभाग से मांग की है कि ऐसे ओवरलोड वाहनों पर नकेल कसी जाए और संबंधित चालकों व मालिकों के विरुद्ध कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाए। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि प्रशासन ने समय रहते इन ओवरलोड वाहनों पर सख्त रुख नहीं अपनाया, तो भविष्य में कोई बड़ी अनहोनी घट सकती है।










Total views : 243486