
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. सुनील तेवतिया के निर्देशन में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जनपद में संचालित निजी चिकित्सालयों की कार्यप्रणाली और मानकों की जांच के लिए औचक निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (एसीएमओ) डॉ. अजय कुमार ने रुड़की रोड स्थित दो प्रमुख अस्पतालों की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।
मानकों और सुरक्षा पर रहा जोर: एसीएमओ डॉ. अजय कुमार ने डिवाइन हॉस्पिटल और गंगा हॉस्पिटल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान अस्पताल में मरीजों को दी जा रही चिकित्सा सेवाओं, साफ-सफाई और सुरक्षा इंतजामों को परखा गया। दोनों ही अस्पतालों में सीसीटीवी कैमरे सुचारू रूप से चलते हुए पाए गए। एसीएमओ ने अस्पताल संचालकों को निर्देशित किया कि सुरक्षा के दृष्टिगत सीसीटीवी प्रणाली का नियमित मेंटेनेंस सुनिश्चित किया जाए और इन्हें चौबीसों घंटे चालू रखा जाए।
दस्तावेज पाए गए अपडेट: निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने फायर सेफ्टी सर्टिफिकेट, बायो-मेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट (जैव चिकित्सा अपशिष्ट प्रबंधन) और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से संबंधित अनापत्ति प्रमाण पत्रों की गहनता से जांच की। राहत की बात यह रही कि दोनों अस्पतालों में सभी आवश्यक लाइसेंस, पंजीकरण और अन्य वैधानिक दस्तावेज अपडेट और व्यवस्थित मिले।
एसीएमओ ने निरीक्षण की रिपोर्ट सीएमओ को प्रेषित करते हुए बताया कि इन संस्थानों की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता पाई गई है। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के स्टेनो दीपक कुमार भी टीम के साथ मौजूद रहे।
Post Views: 83













Total views : 251822