
खिलाड़ियों की बेस प्राइज तीन लाख, दो लाख और एक लाख रुपये निर्धारित
पूर्व क्रिकेटर प्रवीण कुमार की मौजूदगी में एमपीएल-2 की ट्रॉफी का अनावरण
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर: मुज़फ्फरनगर क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा 23 फरवरी से आयोजित मुज़फ्फरनगर प्रीमियर लीग के द्वितीय संस्करण की नीलामी में 12 टीमों के 190 क्रिकेट खिलाड़ियों की नीलामी की गई। प्वाइंट्स आधारित नीलामी प्रक्रिया में प्रत्येक टीम को एक करोड़ प्वाइंट्स दिए गए। इस मौके पर एमपीएल-2 की ट्रॉफी का अनावरण भी किया गया।
मुजफ्फरनगर में मेरठ रोड स्थित एक होटल में मुज़फ्फरनगर प्रीमियर लीग के द्वितीय संस्करण की हुई नीलामी प्रक्रिया में लीग की सभी बारह टीमों अम्बा वॉरियर्स, बिंदल्स स्ट्राइकर्स, क्रिकगिरी चैंप्स, देवभूमि रॉयल्स, सिल्वरटोन पैंथर्स, सिल्वरटोन टाइगर्स, आरपीएल राइडर्स, मेडिकल मैवेरिक्स, टिहरी फाल्कन्स, वसुंधरा सुपरकिंग्स, क्रिस्टल बालाजी टाइटंस और भवानी लायंस शामिल हुई। इस प्वाइंट्स आधारित नीलामी प्रक्रिया के तहत प्रत्येक टीम को एक करोड़ प्वाइंट्स दिए गए, जिनसे वे 11 खिलाड़ियों की अपनी टीम तैयार कर सकती थीं। मसलन कुल 190 पंजीकृत खिलाड़ियों की नीलामी उनके कौशल और योग्यता के आधार पर की गई। खिलाड़ियों की बेस प्राइज तीन लाख, दो लाख और एक लाख रुपये निर्धारित की गई थी। नीलामी का संचालन एंकर अमन शर्मा और तूलिका श्रीवास्तव ने किया।


क्रिकेटर प्रवीण कुमार विशिष्ट अतिथियों में रहे शामिल
इस नीलामी प्रक्रिया कार्यक्रम में पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर प्रवीण कुमार, पूर्व मंत्री संजीव बलियान, नगर पालिका चेयरपर्सन मिनाक्षी स्वरूप, भाजपा नेता गौरव स्वरूप और श्रवण कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मुज़फ्फरनगर क्रिकेट एसोसिएशन के चेयरमैन भीम कंसल, अध्यक्ष भूपेंद्र यादव, सचिव मनोज पुंडीर, कोषाध्यक्ष संजय शर्मा, उपाध्यक्ष इंदर माथुर सहित कई सदस्य भी नीलामी में मौजूद थे। इस अवसर पर एमपीएल-2 की ट्रॉफी का भव्य अनावरण भी किया गया और सभी टीमों की आधिकारिक जर्सी भी लॉन्च की गई। खिलाड़ियों की नीलामी का लाइव प्रसारण सेट चैनल पर किया गया।

किस जिले से कितने खलाड़ी
नीलामी में मुज़फ्फरनगर से 109, सहारनपुर से 25, शामली से 37, मेरठ से 17 और हापुड़ तथा बिजनौर से एक-एक खिलाड़ी को सूची में शामिल किया गया। आयोजनकर्ताओं ने बताया कि एमपीएल-2 के माध्यम से क्रिकेट एसोसिएशन का उद्देश्य जिले की क्रिकेट प्रतिभाओं को मजबूत मंच प्रदान करना और उन्हें राष्ट्रीय स्तर तक पहचान दिलाना है।











Total views : 203752