
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर: चौधरी चरण सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रहे मुजफ्फरनगर प्रीमियर लीग-2 (MPL-2) का पहला सेमीफाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। मुजफ्फरनगर क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित इस नॉकआउट मैच में सिल्वरटन टाइगर्स ने दबदबा बनाते हुए सिल्वरटन पैंथर्स को 7 विकेट से करारी शिकस्त दी और शान के साथ फाइनल का टिकट कटा लिया।


पैंथर्स की बल्लेबाजी हुई ढेर: मैच की शुरुआत में सिल्वरटन पैंथर्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया, जो उनके लिए आत्मघाती साबित हुआ। टाइगर्स के गेंदबाजों की सटीक लाइन-लेंथ के आगे पैंथर्स की पूरी टीम निर्धारित 20 ओवरों में महज 110 रनों पर सिमट गई। टीम की ओर से शुभ पंवार ने सर्वाधिक 27 रन बनाए, जबकि इसरार खान ने 21 और विशांक चौधरी ने 17 रनों का योगदान दिया। गेंदबाजी विभाग में टाइगर्स के परवीन कुमार ने घातक गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट चटकाए, वहीं दिग्विजय सिंह और यश गर्ग ने 2-2 विकेट लेकर पैंथर्स की कमर तोड़ दी।

टाइगर्स की दहाड़: रितुराज और शिवम की आंधी: 111 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सिल्वरटन टाइगर्स ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। सलामी बल्लेबाज रितुराज शर्मा (43 रन) और शिवम चौधरी (45 रन) की तूफानी पारियों की बदौलत टाइगर्स ने मात्र 13.2 ओवरों में 3 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। शानदार बल्लेबाजी के लिए रितुराज शर्मा को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया, जबकि जुझारू खेल दिखाने वाले शुभ पंवार ‘फाइटर ऑफ द मैच’ रहे।
पुरस्कार वितरण के दौरान क्षेत्र के प्रमुख उद्योगपति राजेश जैन, राजीव जैन, संजीव जैन और ऋषभ जैन ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। अब सबकी नजरें अंबा और मेडिकल के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल पर टिकी हैं।











Total views : 239540