
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश सरकार के ‘मिशन शक्ति 5.0’ अभियान के अंतर्गत मंगलवार को मुजफ्फरनगर में नारी शक्ति और स्वावलंबन का अद्भुत नजारा देखने को मिला। जिले की मेधावी छात्राओं को प्रशासनिक ढांचे से रूबरू कराने और उनमें नेतृत्व क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से ‘एक दिन की जिलाधिकारी’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।


इस विशेष पहल के तहत दिव्यांशी यादव ने सांकेतिक रूप से जिलाधिकारी (DM) के रूप में पदभार संभाला, जबकि प्रिया यादव को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) की भूमिका सौंपी गई। इसी क्रम में मानशी वर्मा ने मुख्य विकास अधिकारी (CDO), आरती ने एडीएम प्रशासन, अंजली सक्सेना ने एडीएम वित्त, एंजेल कपिल ने सिटी मजिस्ट्रेट और शगुन वर्मा ने जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी के दायित्वों का निर्वहन किया।

सीखा कार्यप्रणाली का हुनर: अपनी-अपनी कुर्सियों पर आसीन होकर छात्राओं ने न केवल फाइलें देखीं, बल्कि जनसमस्याओं के निस्तारण की जटिल प्रक्रिया को भी समझा। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने खुद छात्राओं को गाइड किया। अधिकारियों ने उन्हें सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और फील्ड वर्क की बारीकियों से अवगत कराया।
उज्जवल भविष्य की प्रेरणा: कार्यक्रम के अंत में सभी छात्राओं को डिक्शनरी और पेन भेंट कर सम्मानित किया गया। डीएम उमेश मिश्रा ने छात्राओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि आज की बेटियां हर क्षेत्र में अग्रणी हैं। उन्हें उच्च शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं के माध्यम से देश की सेवा करने के लिए संकल्पित होना चाहिए। इस अनुभव ने छात्राओं के भीतर भविष्य में सिविल सेवा में जाने के संकल्प को और मजबूत किया है।












Total views : 268174